मध्य प्रदेश: दतिया में गणेश विसर्जन के दौरान हादसा, 4 बच्चे डूबे
मध्य प्रदेश के दतिया में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा हुआ, जहां गणेश विसर्जन के दौरान कई बच्चे डूब गए। इसमें से तीन को बचा लिया गया, जबकि चार की मौत हो गई। सभी बच्चों की उम्र 14-15 साल के आसपास बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक निरावल ग्राम में गणेश जी की स्थापना हुई थी। मंगलवार को उसका विसर्जन गांव के ही पास बने मंदिर के कुंड में किया जा रहा था। जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। तभी ये दर्दनाक हादसा हो गया।

चश्मदीदों के मुताबिक कई बच्चे कुंड में उतर गए थे। उसकी गहराई ज्यादा थी, लेकिन वो इस बात से अंजान थे। ऐसे में वो डूबने लगे। आनन-फानन में वहां मौजूद लोगों ने उनको बचाने की कोशिश शुरू की, लेकिन तब तक चार मासूम जान गंवा चुके थे। हालांकि तीन को निकाल लिया गया, जिसमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
Recommended Video
एक अन्य चश्मदीद के मुताबिक वो मंदिर परिसर में खड़े थे, तभी वहां पर एक बच्चा आया। उसने बताया कि कुंड में कई बच्चे डूब रहे हैं। वो तुंरत वहां पहुंचे और जो बच्चा दिखा उसको निकाल लिया। वहां पर कोई बड़ा नहीं था, सब बच्चे 14-15 साल के थे। उनसे जितना हो पाया, उतने बच्चों को उन्होंने बचाया। जिसमें दो को ग्वालियर रेफर किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाए गए बच्चों के इलाज की व्यवस्था की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मरने वालों में तीन लड़कियां और एक लड़का है। कुंड की भी तलाशी ली जा रही है।
उन्नाव में भी ऐसा हादसा
अभी दो दिन पहले यूपी के उन्नाव में गणेश विसर्जन के दौरान एक टीचर और छात्र डूब गए थे। पुलिस के मुताबिक मोहान कस्बा स्थित एएलवाइ मैनपुरिया इंटर कालेज में गणेश पूजा आयोजित की गई थी। उसके विसर्जन के दौरान 18 वर्ष जयवीर डूबने लगा। जिसको बचाने के लिए एक टीचर नदी में कूद पड़े। इस घटना में दोनों की मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications