Bhopal News: भोपाल से 385 हज यात्री होंगे रवाना, 21 और 22 मई को उड़ेगी सीधी फ्लाइट, MP के 7000 यात्री
Bhopal News: मध्य प्रदेश में 21 और 22 मई को भोपाल से जेद्दा के लिए सीधी फ्लाइटें उड़ेंगी। पहले दिन 183 यात्री हज यात्रा के लिए जाएंगे, जबकि दूसरे दिन 202 यात्री रवाना होंगे। भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से सुबह 5.30 बजे उड़ानें रवाना होंगी।
हज कमेटी के अध्यक्ष रउफ वारसी ने बताया कि हज यात्रा को लेकर तैयारी पूरी हो गई है। इंदौर से एक फ्लाइट पहले ही जा चुकी है। 21 और 22 मई को भोपाल से फ्लाइटें उड़ेंगी। प्रदेश के करीब 7 हजार हज यात्रियों की रवानगी 21 मई से मुंबई एयरपोर्ट से होगी। यह सिलसिला 9 जून तक जारी रहेगा।

भोपाल से हज यात्रियों की सुविधा के लिए तैयारियां की गई हैं। कमिश्नर डॉ. पवन शर्मा ने मीटिंग भी कर ली है। उन्होंने निगम कमिश्नर हरेंद्र नारायण को हज हाउस में हज यात्रियों और उनके साथ आने वाले परिवारजनों के लिए बैठक की व्यवस्था, कूलर, मोबाइल टॉयलेट, पार्किंग, पेयजल की व्यवस्था और हज हाउस तक एप्रोच रोड को सुधारने का निर्देश दिया है। वहीं, बिजली की व्यवस्था भी 24 घंटे के लिए सुनिश्चित की गई है।
24 घंटे के लिए एयरपोर्ट पर डॉक्टर और पैरामेडिकल टीम के साथ इमर्जेंसी के मामलों में हमीदिया अस्पताल में बेड सुरक्षित करने और विशेष डॉक्टरों की टीम को लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही हज हाउस में गर्मियों को देखते हुए ओआरएस के पैकेट बांटने का भी आदेश दिया गया है। मध्य प्रदेश राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष वारसी और मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल भी मीटिंग में शामिल थे।












Click it and Unblock the Notifications