MP News: पानी भरी बाल्टी में डूबने से 2 महीने की बच्ची की मौत, मिस्ट्री बने मामले को सुलझाने में जुटी पुलिस
मध्य प्रदेश से बुरी खबर आई है, जहां दो महीने की बच्ची की पानी भरी बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। बाथरूम में बाल्टी में बच्ची कैसे पहुंची, इस मिस्ट्री को सुलझाने में पुलिस जुटी हुई हैं।

2 month old girl died: कई बार ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, जिन पर आसानी से यकीन करना मुश्किल हो जाता है। मध्य प्रदेश से भी कई सवालों को जन्म देता अलग तरह का मामला सामने आया हैं। नर्मदापुरम संभाग के एक गांव में दो महीने की लापता बच्ची बाथरूम में रखी पानी भरी बाल्टी में डूबी मिली। बाल्टी में ढक्कन भी लगा था। यह खुलासा तब हुआ जब पुलिस फरियादी के घर पहुंची और तलाश में जुटी। बच्ची अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में एक अलग तरह ही कहानी निकलकर सामने आ रही है। हालांकि पुलिस की हर एंगल पर पड़ताल जारी हैं।

छोटा सा गांव और बड़ी घटना
एमपी के नर्मदापुरम संभाग का शोभापुर छोटा सा गांव है। यहां रहने वाले आशिक खां की पत्नी रुखसार ने तीसरी बेटी को जन्म दिया था। सब इंस्पेक्टर दीपक भोंडे के मुताबिक आशिक ने अपनी दो महीने की नवजात बच्ची के अचानक लापता होने की सूचना दी थी। जिसके आधार पर टीम फरियादी के घर पहुंची। उसकी पत्नी और आसपड़ोस के लोगों से बच्ची के बारे में जानकारी जुटाना शुरू हुई। इसी बीच घर में भी बच्ची की खोजबीन की जा रही थी, वह बाथरूम में पानी भरी बाल्टी में डूबी मिली। बाल्टी का ढक्कन भी लगा था। फ़ौरन उसे निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बाथरूम तक कैसे पहुंची बच्ची?
लापता बच्ची का शव तो मिल गया, लेकिन दो महीने की बच्ची जो घुटने-घुटने चलना तक नहीं सीखी, वह बाथरूम तक कैसे पहुंची? हर किसी के जहन में यही सवाल उमड़ रहा था। पानी भरी बाल्टी में उसका डूबना फिर ढक्कन लगा होना...इन सवालों ने उसके मौत के रहस्य को और गहरा दिया हैं। पुलिस की जांच का दायरा भी बढ़ गया हैं। कई सवालों के बीच पड़ताल घर से ही शुरू हुई।

बच्ची की मां बना रही थी खाना
जांच अधिकारी दीपक भोंडे ने बताया कि आशिक की तीन बेटियां हैं। घटना के वक्त आशिक सुबह रोज की तरह अपने काम पर घर से निकल गया था। रुखसार घर पर खाना बना रही थी। इस दौरान उसकी दो बेटियां और नवजात बच्ची के साथ खेल रही थी। इसी दौरान रुखसार को जब बच्ची की आहट सुनाई नहीं दी तो वह उसे ढूंढने लगी। साथ में खेल रही दो बेटियों से भी पूछा तो वह ठीक ढंग से कोई भी जवाब नहीं दे पाई। रुखसार ने फ़ौरन इस बात की खबर पति को दी फिर पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

पुलिस पड़ताल में चौकाने वाला ट्विस्ट
पानी भरी बाल्टी में नवजात कैसे डूबी? सच का पता लगाना पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं हैं। पीएम रिपोर्ट में बच्ची की मौत पानी में डूबने की वजह से ही होना बताया गया हैं। मृतक बच्ची के परिजनों के बयानों से नई कहानी का भी जन्म हुआ। जिसे पुलिस पूरा सच मानने फिलहाल तैयार नहीं हैं। जांच अधिकारी का कहना है कि परिजनों ने जो बयान दिए है, उसमें बताया गया है कि 5 साल की बड़ी बेटी दिमागी रूप से कुछ कमजोर हैं। खेलते हुए बाथरूम में खिलौने बाल्टी में नहलाने की आदत हैं। बच्चियों से भी जब पूछा गया तो उन्होंने भी यही बताया है। घटना के दौरान कोई और बाहरी व्यक्ति भी घर पर नहीं आया। ऐसे में कारण यह हो सकता है कि खेलते हुए बड़ी बेटी नवजात को बाथरूम में ले गई हो, खिलौनों के साथ उसे भी पानी में नहलाने लगी हो। तभी यह घटना हुई।

दिमाग से यदि कमजोर तो ढक्कन किसने लगाया?
पुलिस बड़ी बेटी वाले एंगिल को पूरी तरह से तब तक सच मानने तैयार नहीं, जब तक इस बात की पुष्टि नहीं हो जाती कि बाल्टी में बच्ची के डूबने के बाद ढक्कन उसी ने लगाया? पुलिस के मन में यह भी सवाल है कि कहीं ऐसा तो नहीं हैं कि रुखसार ने तीसरी बार भी बेटी को ही जन्म दिया, जिसे आशिक या रुखसार अपनाना न चाहते हो? आशिक की फैमली हिस्ट्री और मोहल्ले वालों से उसकी मानसिकता के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही हैं। उसी के बाद तय होगा कि दो महीने की बच्ची की मौत खेल-खेल में हुई या फिर इसके पीछे कोई दूसरी ही कहानी हैं।












Click it and Unblock the Notifications