यूपी में Zika virus के अब तक 140 मामले, लखनऊ में बढ़ी मरीजों की संख्या
लखनऊ, 18 नवंबर: उत्तर प्रदेश में जीका वायरस का कहर बढ़ता जा रहा है। कानपुर के एक एयरफोर्स कर्मी में जीका वायरस की पुष्टि के बाद संक्रमण अब चार जिलों में पैर पसार चुका है। कानपुर में जीका वायरस के सबसे ज्यादा 133 लोग संक्रमित हैं। वहीं, राजधानी लखनऊ में बुधवार को दो और नए संक्रमितों के मिलने के बाद अब मरीजों की संख्या 5 हो गई है। इसके अलावा कन्नौज और उन्नाव में भी एक-एक मरीज मिले हैं। अब यूपी में जीका संक्रमित मरीजों की संख्या 140 हो चुकी है।

लखनऊ के आलमबाग और एलडीए कॉलोनी में रहने वाले एक-एक मरीज में डेंगू जैसे लक्षण दिख रहे थे, दोनों की जांच कराई गई तो जीका वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित कर संपर्क में आए परिवार के अन्य लोगों की जांच के लिए सैंपल ले लिए हैं। इसके साथ ही इलाके में एंटी लार्वा फॉगिंग और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग भी की जा रही है।
बता दें, उत्तर प्रदेश में जीका वायरस की शुरुआत कानपुर से हुई थी। करीब एक महीने पहले एयरफोर्स कर्मी जीका वायरस पॉजिटिव मिला था, जिसके बाद से स्वास्थ्य विभाग संक्रमण रोकने की कोशिश में जुटा है। अब तक 6 किलोमीटर से ज्यादा क्षेत्र को कंटेनमेंट बनाया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग एंटी लार्वा फॉगिंग से लेकर तमाम तरह की सावधानियां बरत रहा है। लोगों को भी जागरूक भी किया जा रहा है। लखनऊ में डीएम अभिषेक प्रकाश ने कोरोना की तर्ज पर जीका को रोकने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा है कि जिन-जिन इलाकों से मरीज सामने आए हैं उन्हें कंटेनमेंट जोन बनाकर जांच की जाए।












Click it and Unblock the Notifications