लखनऊ: व्यापार मंडल के अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, व्यापारियों ने किया बंद का ऐलान
Murder In Lucknow: लखनऊ। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की राजधानी लखनऊ (Lucknow) के मोहनलालगंज (Mohanlalganj) व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुजीत कुमार पांडे की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रविवार देर शाम की है, जब सुजीत अपने ईंट भट्ठे से निकलकर अपनी गाड़ी में बैठे। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और फरार हो गए। आनन-फानन में सुजीत को मेदांता अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बता दें, सुजीत पांडे प्रधान भी रह चुके हैं और इस समय इनकी पत्नी संध्या प्रधान हैं। हत्या के विरोध में व्यापारियों ने सोमवार को बंदी का ऐलान किया है।

जानकारी के मुताबिक, सुजीत पांडे रोज की तरह शाम पांच बजे अपने ईंट भट्ठे सुजीत ब्रिक फील्ड जा रहे थे। वह अपनी सफारी गाड़ी से भट्ठे के गेट के पास पहुंचे ही थे तभी बाइक सवार दो युवक उनकी ड्राइविंग सीट की तरफ आए कुछ समझने से पहले ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। सुजीत को तीन गोलियां लगीं। वह बचने के लिए भट्ठे की ओर भागे। गोलियों की आवाज सुनकर भट्ठे पर काम कर रहे मजदूर भी मौके पर पहुंचे, उन्होंने बदमाशों पर पथराव भी किया, लेकिन वह फरार हो गए।
पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने बताया कि ईंट भट्ठे के पास बाइक सवार बदमाशों ने सुजीत पांडे को गोली मारी है। व्यापार मंडल अध्यक्ष सुजीत पांडे के शव में एक गोली का निशान मिला। मौके से कारतूसों के आठ खोखे बरामद हुए हैं। 4 खोखे 9 एमएम और 4 खोखे 32 बोर के हैं। ठाकुर ने बताया कि सुजीत पांडे के पास भी लाइसेंसी पिस्टल थी, लेकिन वे फायर नहीं कर सके। मामला रंजिश का लग रहा है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications