विवेक तिवारी मर्डर केस: 81 दिन की मेहनत के बाद SIT आज दाखिल करेंगी अपनी रिपोर्ट
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में एप्पल के सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी मर्डर केस मामले में एसआईटी 81 दिन की कड़ी मेहन के बाद बुधवार को अपनी रिपोर्ट कोर्ट में दाखिल करेगी। आईजी रेंज के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने प्रदेश को दहलाने वाले विवेक तिवारी हत्याकांड में जांच पूरी कर ली है। बता दें कि कोर्ट ने इस मामले में जांच करने के लिए 90 दिन का समय दिया था।

हर बिंदुओं पर हुई जांच
सूत्रों के हवाले से ये खबर सामने आ रही है कि एसआईटी की इस रिपोर्ट में सिपाही प्रशांत चौधरी को पूरी तरह से दोषी बताया गया है तो वहीं दूसरे सिपाही संदीप को क्लीन चिट दी गई है। प्रशांत चौधरी के खिलाफ बुधवार को कोर्ट में 302 में चार्जशीट दाखिल की जायेगी। सिपाही संदीप आरोप था कि उसने गाड़ी रोकने के लिए सना को डंडा मारा था।

सभी के बयान किए दर्ज
एसआईटी प्रभारी सुजीत कुमार पाण्डेय ने इस मामले से जुड़े सभी लोगों से पूछताछ कर ली है और सभी के बयान भी दर्ज किए जा चुके हैं। इसके अलावा साक्ष्यों का आंकलन भी किया जा चुका है। इस मामले में फॉरेंसिक जांच कर रही टीम ने विभिन्न बिन्दुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की। टीम ने अपनी जांच में उन सभी प्रश्नों को अपनी जांच में शामिल किया जिसे लेकर सवाल खड़े किये जा रहे थे।

पत्नी राखी ने की मुकदमा दर्ज करने की मांग
गौरतलब है कि मुख्य आरोपी प्रशांत की पत्नी राखी ने लखनऊ की सीजेएम कोर्ट में अर्जी दाखिल करते हुए एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। कोर्ट में दाखिल की गई इस अर्जी में गोमतीनगर थाने के एसओ और लखनऊ के एसएसपी को विपक्षी पक्षकार बनाते हुए इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है।

ये था मामला
आपको बता दें कि बीते 28 सितंबर की रात गोमतीनगर थाने में तैनात सिपाही प्रशांत चौधरी ने मकदूमपुर चौकी से कुछ दूर न्यू हैदराबाद कॉलोनी स्थित आकाश गंगा अपार्टमेंट निवासी एप्पल कंपनी के सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। विवेक अपनी सहकर्मी सना खान को छोड़ने उसके घर जा रहा था। इस दौरान प्रशांत का साथी सिपाही संदीप भी साथ में था।












Click it and Unblock the Notifications