योगी के मंत्री दिनेश खटीक ने गृहमंत्री को भेजा इस्तीफा, कहा- दलित होने के कारण नहीं मिलता सम्मान
लखनऊ, 20 जुलाई: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में जलशक्ति विभाग के राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने गृहमंत्री अमित शाह को अपना इस्तीफा भेज दिया है। इस्तीफे में खटीक ने दलित होने की वजह से सम्मान न मिलने और अधिकारियों पर तवज्जों न देने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। दिनेश खटीक ने आरोप लगाया है कि दलित होने की वजह से विभाग में उनकी सुनवाई नहीं होती और न ही किसी बैठक की सूचना उन्हें दी जाती है। खटीक ने इस्तीफे में कहा कि राज्यमंत्री के अधिकार के तौर पर सिर्फ गाड़ी दे दी गई है। यही नहीं, दिनेश खटीक ने ट्रांसफर के मामलों में बड़े भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।

खटीक गृह मंत्री अमित शाह को भेजे गए पत्र में क्या लिखा ?
दिनेश खटीक ने गृह मंत्री अमित शाह को भेजे गए पत्र में आरोप लगाया है कि अधिकारियों की ओर से उन्हें तवज्जो नहीं दी गई और दलितों को उचित मान-सम्मान नहीं दिया जा रहा है। इसीलिए अधिकारियों के रवैये से नाराज होकर वह इस्तीफा दे रहे हैं।
दलित होने की वजह से विभाग में नहीं होती सुनवाई
खटीक ने इस्तीफे में कहा कि दलित होने की वजह से विभाग में उनकी सुनवाई नहीं होती और किसी बैठक की सूचना उन्हें नहीं दी जाती है। राज्यमंत्री होने के नाते उन्हें केवल एक गाड़ी दे दी गई है। दिनेश खटीक ने आरोप लगाते हुए कहा कि जब उन्होंने तबादले में गड़बड़ी को लेकर अधिकारियों से जानकारी मांगी तो उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। खटीक ने ये भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने प्रमुख सचिव सिंचाई को फोन किया तो पूरी बात सुने बिना ही उन्होंने फोन काट दिया।
जब दलित समाज के राज्यमंत्री का विभाग में कोई वजूद नहीं तो...
दिनेश खटीक ने पत्र में कहा कि जब दलित समाज के राज्य मंत्री का विभाग में कोई वजूद नहीं है तो राज्यमंत्री के तौर पर दलित समाज के लिए मेरा काम बेकार है। मैं आहत होकर अपने पद से इस्तीफा दे रहा हूं।












Click it and Unblock the Notifications