Unlock-4: यूपी में सुबह 9 से रात 9 बजे तक खुलेंगे बाजार, सिर्फ रविवार रहेगी साप्ताहिक बंदी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जारी शनिवार और रविवार की साप्ताहिक बंदी में छूट दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनलॉक-4 में शनिवार को दुकानें खोले जाने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को यूपी के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि बाजार सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक खोला जाए। अब शनिवार को भी दुकानें खुलेंगी। रविवार को बंद रहेगा। यानी शनिवार रात 12 बजे से रविवार रात 12 बजे तक पूरी तरह से बंदी रहेगी। बता दें, अभी तक प्रदेश में शनिवार और रविवार को साप्ताहिक बंदी रहती थी।
Recommended Video

सीएम योगी ने डोर-टू-डोर सर्वे बढ़ाने के दिए निर्देश
अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी ने कोविड पर मंगलवार की सुबह बैठक की। इस दौरान उन्होंने लखनऊ और कानपुर नगर में माइक्रो एनालिसिस करने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग और डोर-टू-डोर सर्वे भी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 5 हजार 571 नए कोविड मामले दर्ज किए गए। वहीं, प्रदेश में एक्टिव मामलों की कुल संख्या 55 हजार 538 है। इनमें से 28 हजार 270 लोग होम आइसोलेशन में हैं। अब तक 1,04,593 लोगों ने होम आइसोलेशन का विकल्प लिया है।

यूपी में रिकवरी रेट लगभग 75 प्रतिशत
अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से पूरी तरह ठीक होकर डिस्चार्ज किए जा चुके लोगों की संख्या 1 लाख 76 हजार 677 है। प्रदेश में अब कोरोना से रिकवरी रेट लगभग 75 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि कल प्रदेश में 1,49,874 सैंपल्स की जांच की गई है। अब तक प्रदेश में कुल 57,76,664 सैंपल्स की जांच की जा चुकी है।

बांदा में एक परिवार के 32 सदस्य कोरोना संक्रमित
बांदा जिले में एक ही परिवार के 32 सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनडी शर्मा ने बताया कि सोमवार को जिले में कोविड-19 के 44 नए मामले सामने आए, जिनमें बांदा शहर के फूटाकुआं मोहल्ले में एक ही परिवार के 32 सदस्य शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक कोरोना के 807 मामले सामने आ चुके हैं। इन संक्रमित लोगों में आठ लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 360 लोगों का अभी उपचार चल रहा है। 439 मरीज ठीक हुए हैं, जिन्हें डिस्चार्ज किया जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications