सीएम योगी का विपक्ष पर वार, कहा- इन्होंने राज्य को दंगे की आग में झोंका है
लखनऊ, 21 अक्टूबर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर विपक्ष पर हमला बोला है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कांग्रेस, बीएसपी और समाजवादी पार्टी ने जातिवाद के नाम पर सामाजिक ताने-बाने को तोड़कर राज्य को दंगे की आग में झोंका है। सत्ता स्वार्थ के लिए इन्होंने प्रदेश को माफियाओं को गिरवी रखा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी सरकार में आज कोई माफिया सिर उठाकर नहीं निकल सकता। मुख्यमंत्री ने ये बातें लखनऊ में भाजपा सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन में कहीं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जिन लोगों ने अपने राजनीतिक स्वार्थों के लिए समाज को बांटा है। उसके सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न किया है। उन लोगों को समाज ने आने वाले समय में इतिहास के गर्त में डालने में भी समाज ने संकोच नहीं किया है।
पुलिस स्मृति दिवस पर पुलिसकर्मियों को तोहफा
इससे पहले सीएम योगी ने पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, लिपिक संवर्ग, हेड कांस्टेबल, कॉन्स्टेबल और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का पौष्टिक आहार भत्ता 25 फीसदी बढ़ाए जाने का ऐलान किया है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि क्राइम कंट्रोल, कानून व्यवस्था ड्यूटी और क्राइम होने पर मौके पर पहुंचने वाले कॉन्स्टेबल, हेड कॉन्स्टेबल को सिमकार्ड दिए जाएंगे और जिन्हें यह सिम कार्ड दिए जाएंगे, उन्हें प्रतिवर्ष दो हजार रुपए मोबाइल सिमकार्ड भत्ता भी दिया जाएगा। बता दें, हर साल की तरह इस वर्ष भी 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन लखनऊ पुलिस लाइन में किया गया।












Click it and Unblock the Notifications