यूपी में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 22 नए मरीजों की पुष्टि, 28 जिले कोरोना मुक्त
लखनऊ, 07 सितंबर: उत्तर प्रदेश के 28 जनपदों में आज कोविड का एक भी मरीज शेष नहीं है। औसतन प्रतिदिन ढाई लाख से अधिक टेस्ट हो रहे हैं, जबकि पॉजिटिविटी दर 0.01 से भी कम हो गई है और रिकवरी दर 98.7 फीसदी है। बीते 24 घंटे में हुई 1 लाख 82 हजार 624 सैम्पल की टेस्टिंग में 59 जिलों में संक्रमण का एक भी नया केस नहीं पाया गया, जबकि 16 जनपदों में इकाई अंक में मरीज पाए गए। वर्तमान में प्रदेश में एक्टिव कोविड केस की संख्या 227 रह गई है।

पिछले 24 घंटे में 22 नए मरीजों की पुष्टि
अब तक 07 करोड़ 38 लाख 21 हजार 487 कोविड सैम्पल की जांच की जा चुकी है। बीते 24 घंटे में हुई टेस्टिंग में 22 नए मरीजों की पुष्टि हुई। इसी अवधि में 20 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए हैं। प्रदेश में अब तक 16 लाख 86 हजार 389 प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। 45 फीसदी प्रदेशवासियों ने टीके की पहली खुराक प्राप्त कर ली है। विगत दिवस प्रदेश ने दो नए रिकॉर्ड बनाए हैं। बीते 24 घंटे में 33,42,360 लोगों ने टीकाकवर प्राप्त किया है। इसके साथ ही प्रदेश में कोविड वैक्सीनेशन की संख्या 08 करोड़ 08 लाख से अधिक हो गई है। यह किसी एक राज्य में हुआ सर्वाधिक टीकाकरण है।
रात्रिकालीन कर्फ्यू में ढील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लोक भवन, लखनऊ में कोविड-19 के संबंध में गठित समितियों के अध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री योगी ने कोविड-19 की रोकथाम के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कोविड की नियंत्रित स्थिति को देखते हुए रात्रिकालीन कर्फ्यू रात्रि 11 बजे से सुबह 6 बजे तक प्रभावी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 11 बजे तक सभी दुकानें/बाजार बंद हो जाएं। लोग अनावश्यक सड़कों पर न घूमें। कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाना बहुत जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications