UP Police: चोरी की वर्दी से बना दरोगा, बाजार से खरीदकर लगाया स्टार, जूतों ने खोल दी पोल, गिरफ्तार
UP Police: प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस ने चोरी की वर्दी से दरोगा बने फर्जी दरोगा को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि पकड़ा गया युवक एक दरोगा की पुरानी वर्दी चुरा लिया था। वर्दी चुराने के बाद वह बाजार से स्टार खरीदने के बाद उसे पर लगा लिया और दरोगा बनाकर घूमने लगा।
बताया जा रहा है कि लखनऊ जनपद के चिनहट इलाके में पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान वर्दी पहने युवक के बारे में जानकारी मिली। उसके बाद पुलिस उसे पकड़ कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पूरा मामला सामने आ गया और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

जूते देखने के बाद हुआ शक
इस बारे में चिनहट थाने की प्रभारी अश्विनी चतुर्वेदी द्वारा बताया गया कि चौकी प्रभारी जावेद द्वारा क्षेत्र में गश्त किया जा रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों द्वारा सूचना दी गई की एक दरोगा क्षेत्र में भ्रमण कर रहा है। उसकी हरकतें अजीब लग रही हैं।
सूचना पाकर चौकी इंचार्ज जावेद भी वहां पहुंचे तो उन्होंने देखा कि युवक पुलिस की वर्दी पहने हुए था, जबकि उसने जो जूते पहने थे, वे पुलिस के नहीं थे। इससे इंचार्ज को शक हुआ। इसके बाद चौकी इंचार्ज ने इसकी सूचना थाना प्रभारी अश्वनी चतुर्वेदी को दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की। जब पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू की तो उसने पुलिसकर्मियों को अर्दब में लेने की कोशिश की। हालांकि, सख्ती से पूछताछ करने पर उसने सारी सच्चाई उगल दी।
पकड़ा गया युवक बहराइच का है रहने वाला
पुलिस द्वारा पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम सोमिल सिंह उम्र 22 साल निवासी रामगांव बहराइच बताया। पूछताछ में उसने यह भी बताया कि वह पुलिस की वर्दी पहन कर एक कार खरीदने के लिए अपने मित्र के साथ गया था। इस दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
उसके बाद पुलिस की वर्दी के बारे में जानकारी लेने पर उसने बताया कि यूपी पुलिस के एक अपने परिचित कांस्टेबल की वर्दी उसने चुरा ली थी। वर्दी चुराने के बाद उसने मार्केट से स्टार खरीदा और उसे लगाकर वह दरोगा बन गया। फिलहाल इस मामले में थाना अध्यक्ष चिनहट अश्वनी चतुर्वेदी का कहना है कि पकड़े गए युवक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications