सीएम योगी ने विधानसभा में विपक्ष के सवालों का दिया जवाब, कहा- यूपी में तालिबान का समर्थन नहीं करने देंगे
लखनऊ, 19 अगस्त। उत्तर प्रदेश में विधानमंडल सत्र का आज तीसरा दिन है। बुधवार को विधानसभा में पेश किए गए अनुपूरक बजट पर गुरुवार को चर्चा शुरू हो गई। चर्चा की शुरुआत नेता विरोधी दल रामगोविंद चौधरी ने की। कहा कि कोरोना में ऑक्सीजन की कमी से आधी आबादी की मौत हो गई, लेकिन सरकार कह रही है कि अच्छा काम किया। सरकार की तरफ से मंत्री सुरेश खन्ना ने रामगोविन्द के इस बयान का विरोध किया। उन्होंने मांग की कि इसे सदन की कार्यवाही से निकाला जाय। सीएम योगी आदित्यनाथ ने चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि हम चार साल पहले लोक कल्याण का संकल्प को लेकर जनता के बीच गए थे। पिछले कुछ समय से जनता महामारी से जूझ रही है। महामारी से निपटने में सबका सहयोग मिला, इसके लिए सबका शुक्रिया।
Recommended Video

सत्र शुरू होने पर रामगोविंद चौधरी ने कहा कि
सरकार दावा कर रही है कि साढ़े चार साल में बहुत विकास हुआ है लेकिन सरकार का यह काम केवल कागजों में ही दिखाई दे रहा है। कहा कि सरकार ने क्या किया, केवल योजनाओं का नाम बदला , इसके अलावा कुछ नही। बेरोजगारी अपने चरम पर है लेकिन सरकार का दावा है कि करोड़ों लोगों को नौकरियां दे रही है जो कि पूरी तरह से बकवास है।
रामगोविन्द के बाद सदन में कांग्रेस की नेता आराधना मिश्र ने कहा कि सरकार का यह अंतिम सत्र है और यही उम्मीद थी कि सरकार इस बार अपने संकल्प को पूरा करेगी, लेकिन इस बार भी सरकार से निराशा ही मिली है। अराधना मिश्र ने कहा कि अनुपूरकर बजट पूरी तरह से हवा हवाई बजट है।

सीएम योगी ने जवाब देते हुए रामगोविन्द पर निशाना साधते हुए कहा कि
वो सज्जन हैं लेकिन कभी-कभी अपनी सज्जनता को देते हैं। वो महामारी की बात कर रहे थे लेकिन उन्हें पता होना चाहिए कि इसमें किसी पार्टी का कोई लेना-देना नहीं होता है। दुनिया की कुल आबादी 8 अरब के आसपास है। इसमें 44 लाख से ज्यादा मौतें हुई हैं। दुनिया की सबसे बड़ी ताकतों में अमेरिका शामिल है लोग वहां के मॉडल को अपनाने की बात करते हैं। वहां की आबादी है 33 करोड़, कुल केस आए लगभग तीन करोड़ और मौत हुई 6 लाख।
सीएम ने कुछ देशों का उदाहरण देते हुए विपक्ष की राजनीति पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि महामारी में कोई देश अछूता नहीं है । वहां भी मौतें हुई हैं लेकिन वहां इतनी राजनीति नहीं हुई जितनी यहां देखने को मिल रही है। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की आबादी 24 करोड़ है। महामारी में कुल केस 17 लाख सामने आए जबकि 22083 लोगों की मौतें हुई हैं। आज यूपी में टेस्टिंग देश में सबसे ज्यादा हो रही है। आज यूपी के 4 लाख टेस्ट प्रतिदिन हो रहे हैं।
सीएम ने कहा कि
कुछ लोग तालिबान का समर्थन कर रहे हैं। ये तो शर्मनाक है। हम यूपी में ऐसा नहीं होने देंगे। हमारी सरकार ने 1500 करोड़ की संपत्तियां जब्त की हैं। जहां संपत्तियां गिराई गई हैं वहां दलितों के लिए आवास बनाएंगे। यूपी में माफियाओं को लिए कोई जगह नही है।
सीएम योगी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी सबका साथ सबका विकास की बात करते हैं। यह हमारा दर्शन और भाव है। दीनदयाल जी ने कहा था कि समाज में अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचना चाहिए और सरकार इसी संकल्प को लेकर आगे बढ़ रही है। सीएम योगी ने कहा कि बड़ी सोच होगी तो सरकार के काम करने का दायरा भी बड़ा होगा। और यही कारण है की पिछले पांच साल में बजट का दायरा बढ़ा है। प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है।
सीएम ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था पहले से मजबूत हुई है। हम जिस युग में जी रहे हैं उसमें अर्थव्यवस्था बहुत जरूरी है। पहले दंगे होते थे लेकिन चार सालों में जो काम हुआ है उसके दम पर सरकार देश में दूसरे नंबर पर पहुंच गई है। सरकार पीएम के विजन की लेकर आगे बढ़ रही है। दुनिया में यूपी निवेश के लिए सबसे माकूल जगह है। आज उत्तर प्रदेश में निवेशकों को उचित माहौल मिल रहा है। हम महामारी से जुझ रहे हैं। यह एक त्रासदी थी। पहले सरकारें संवेदनहीन थी लेकिन मोदी सरकार ने जिंदगियां बचाने का काम किया है। लोगों को फ्री में सुविधाएं मिल रही हैं तो विपक्ष को दुख हो रहा है। विपक्ष जमीन पर चलने की आदी नहीं है इसीलिए उसे सरकार की नीतियों से परहेज हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications