आजम की भैंस के बाद अब पुलिस को मिला मुर्गी चोर पकड़ने का चैलेंजिंग टास्क
लखनऊ। यूपी पुलिस भैंस-मुर्गी पकड़ने में व्यस्त और अपराधी मस्त। जी हां इसमें कोई अतिश्योक्ति नहीं है क्योंकि कद्दावर आजम खां की भैंस चोरों को पकड़ने के बाद अब रामपुर पुलिस मुर्गी चोरों को पकड़ने में व्यस्त हो गई है।

पुलिस को यह चैलेंजिंग टास्क 5 दिनों में पूरा करना है क्योंकि इस मामले में राजभवन का हस्तक्षेप हो चुका है। दरअसल मामला यह है कि रामपुर के रहने वाले फरहान उल्लाह खान को मुर्गियां पालने का शौक है। उन्होंने अपने छत पर धावली (मुर्गी पालने का स्थान) बनवा रखा है।
बीते 19 मार्च को उनकी 12 मुर्गियों को अज्ञात चोर चुरा ले गये। मुर्गी प्रेम के चलते फरहान उल्लाह खान की एक दर्जन मुर्गी चोरी हो गई। वो पुलिस के पास गये लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने की जगह उन्हें टरका दिया।
देखते देखते इस मामले में सपा कार्यकर्ता भी शामिल हो गये और ईमेल से इसकी सूचना राज्यपाल को दे दी। राज्यपाल ने इस पर संज्ञान लेते हुए मुर्गियां की खोज करने के संबंध में शुक्रवार को स्थानीय अधिकारियों को पत्र भेजा है।
इसमें 5 दिन के अंदर मामले का खुलासा करने को कहा गया है। फिलहाल डीएम रामपुर चंद्रप्रकाश त्रिपाठी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
राजभवन के फरमान के बाद हरकत में आए जिला अधिकारी ने बिना देरी किए ही मुर्गी चोरी के मामले की गेंद पुलिस अधीक्षक के पाले में डाल दी है। जहां से कोतवाली पुलिस को मुर्गी चोरी की इस घटना के खुलासे के लिए 5 दी का वक्त मिला है।












Click it and Unblock the Notifications