लता मंगेशकर के निधन पर यूपी के CM योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख, कहा- कला जगत की अपूरणीय क्षति है
लखनऊ, 06 फरवरी: स्वर कोकिला के नाम से मशहूर जानी-मानी गायिका लता मंगेशकर का रविवार को 92 साल की उम्र में निधन हो गया। लता मंगेशकर को इसी साल जनवरी महीने की शुरुआत में कोविड संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया था। स्थिति में सुधार नहीं होने के बाद वह आईसीयू में भर्ती थीं। उनके निधन से बॉलीवुड सहित पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर दुख जताया है।

सीएम योगी ने कहा- कला जगत की अपूरणीय क्षति है।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट में लिखा, ''स्वर कोकिला, 'भारत रत्न' आदरणीया लता मंगेशकर जी का निधन अत्यंत दुःखद और कला जगत की अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों व उनके असंख्य प्रशंसकों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!'' लता मंगेशकर के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, '' 'दयालु और देखभाल करने वाली लता दीदी हमें छोड़कर चली गई हैं। वह हमारे देश में एक खालीपन छोड़ गई है जिसे भरा नहीं जा सकता। आने वाली पीढ़ियां उन्हें भारतीय संस्कृति के एक दिग्गज के रूप में याद करेंगी, जिनकी सुरीली आवाज में लोगों को मंत्रमुग्ध करने की अद्वितीय क्षमता थी।''
एक महीने से अस्पताल में थीं भर्ती लता मंगेशकर
लता मंगेशकर पिछले 28 दिनों से अधिक समय से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थी, उन्हें पहले दिन से ही आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। पिछले सप्ताह लता मंगेशकर ने कोरोना वायरस को मात दे दी थी, लेकिन वो महामारी के बाद होने वाली समस्याओं से जूझ रही थीं। डॉ प्रतीत समदानी ने बताया, 'अत्यंत दु:ख के साथ सूचित किया जाता है कि लता मंगेशकर का निधन प्रातः 8:12 बजे हुआ। कोविड पॉजिटिव होने के बाद अस्पताल में भर्ती होने के 28 दिनों से अधिक समय के बाद बहु-अंग की विफलता के कारण उसकी मृत्यु हो गई है।'












Click it and Unblock the Notifications