जानिए कितनी संपत्ति के मालिक हैं योगी आदित्यनाथ ? कितना महंगा है कान का कुण्डल
गोरखपुर, 04 फरवरी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। सीएम योगी ने पर्चे के साथ दिए गए शपथ पत्र में अपनी कुल संपत्ति का ब्यौरा भी दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की संपत्ति में पिछले चार साल में करीब 59 लाख रुपए की बढ़ोतरी हुई है। एमएलसी चुने जाने के समय योगी आदित्यनाथ की संपत्ति 95.98 लाख रुपए थी जो अब बढ़कर 1 करोड़ 54 लाख, 94 हजार 54 रुपए हो गई है।

सीएम योगी के पास हैं दो असलहे
शपथ पत्र के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास दो असलहे भी हैं। इनमें एक लाख कीमत की एक रिवॉल्वर और 80 हजार रुपए की एक रायफल है। इसके अलावा सीएम योगी के पास कोई वाहन नहीं है। उनके पास डाकघर संसद मार्ग, नई दिल्ली के खाते में 35 लाख 24 हजार 708 रुपए हैं, जबकि 2 लाख 33 हजार रुपए का बीमा है। नामांकन के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2020-2021 में सीएम योगी की आय 13,20,653 रुपए है। 2019-20 में यह आय 16,68,799 थी। इससे पहले उनकी आय 2018-19 में 18,27,639 थी।

सोने के हैं कान के कुंडल, सीएम के पास नहीं है कोई जमीन और मकान
योगी आदित्यनाथ के कान में 49 हजार रुपए कीमत का 20 ग्राम का कुंडल, 10 ग्राम की रुद्राक्ष लगी एक सोने की माला है। इसकी कीमत 12 हजार रुपए है। मुख्यमंत्री योगी के पास कोई अचल संपत्ति नहीं है और न ही उनपर कोई मुकदमा दर्ज है।
Recommended Video

सीएम योगी ने दी आय के स्त्रोत की जानकारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आय के स्त्रोत में जनप्रतिनिधि (पूर्व सांसद और विधायक) के रूप में प्राप्त वेतन एवं भत्ते की जानकारी दी है।

पांच बार सांसद रह चुके सीएम योगी ने गोरखपुर से भरा नामांकन
गोरखपुर से पांच बार सांसद रह चुके गोरक्षपीठ के महंत और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नामांकन दाखिल करने से पहले गोरखनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की। उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। नामांकन के बाद सीएम योगी ने ट्वीट किया, ''आज श्री गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान के साथ देवाधिदेव महादेव का रुद्राभिषेक कर लोक-कल्याण एवं लोक-मंगल की कामना की।'' रुद्राभिषेक के बाद सीएम योगी ने अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं सीएम योगी
योगी आदित्यनाथ साल 2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद विधान परिषद के सदस्य चुने गये थे। वह पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications