यूपी उपचुनाव परिणाम 2020: बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- जय भाजपा, विजय भाजपा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा की सात सीटों पर हुए उपचुनाव में छह सीटों पर भाजपा की जीत पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने इसे कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा बताया है। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा, कोरोना काल में जिस तरह सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक गरीबों, जरुरतमंदों का ख्याल किया है उसका नतीजा है कि जनता ने दिल खोलकर समर्थन किया है। बीजेपी ने कोरोना काल में कार्यकर्ताओं का ख्याल रखा, उनसे संपर्क बनाए रखा और कार्यकर्ताओं ने जनता की सेवा की।

'जय भाजपा, विजय भाजपा'
स्वतंत्र देव सिंह ने 'जय भाजपा, विजय भाजपा' लिखते हुए ट्ववीट किया, 'उत्तर प्रदेश उपचुनाव में भाजपा को अपना अमूल्य आशीर्वाद देने के लिए जनता जनार्दन का आभार व्यक्त करता हूं एवं पार्टी के समस्त देवतुल्य कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं, जिनके परिश्रम की पराकाष्ठा के परिणामस्वरूप प्रदेश की 7 में से 6 सीटों पर कमल खिला है।' छह सीटों पर भाजपा की जीत पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने विक्ट्री का साइन दिखाते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोला। केशव मौर्य ने कहा कि उनकी (अखिलेश यादव) की दिवाली का दिवाला निकल गया है।
'ये जीत बताती है कि भाजपा आगामी चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करेगी'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'उपचुनावों में, भारतीय जनता पार्टी ने 2017 के राज्य विधानसभा और 2019 के लोकसभा चुनावों के अपने प्रदर्शन को दोहराया है। यह बताता है कि कि भाजपा आगामी चुनावों में भी अच्छा प्रदर्शन करेगी।' इस दौरान उन्होंने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। सीएम योगी ने जनता और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में पूरे देश मे शानदार प्रदर्शन किया है।












Click it and Unblock the Notifications