यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 26 दिसंबर से
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विद्यालय परीक्षा बोर्ड ने इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी हैं। प्रयोगात्मक परीक्षाएं 26 दिसंबर से 24 जनवरी के बीच दो चरणों में होंगी। हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर आयोजित की जाएंगी। इस संबंध में अपर सचिव (प्रशासन) ने निर्देश जारी किए हैं।

इंटरमीडिएट के प्रयोगात्मक विषयों में निर्धारित पूर्णाक में से 50 फीसद अंक आंतरिक परीक्षक तथा 50 फीसद अंक बाह्य परीक्षक देंगे। इसी तरह व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए जो विद्यालय प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारित किए जाएंगे, उन विद्यालयों से संबंधित विषयों के अध्यापकों द्वारा 50 फीसद अंक आंतरिक व्यवस्था के तहत दिए जाएंगे। शेष 50 फीसद अंक बाह्य परीक्षक देंगे।
परीक्षकों के नियुक्ति की सूचना क्षेत्रीय कार्यालय से भेजी जाएगी। इस वर्ष की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाली सभी रेगुलर व प्राइवेट परीक्षार्थियों की खेल व शारीरिक शिक्षा की प्रयोगात्मक परीक्षा अनिवार्य रूप से ली जाएगी। इसके लिए विद्यालयों के प्रधानाचार्यो को 24 जनवरी तक परीक्षा लेने के निर्देश दिए गए हैं। हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाएं बीते वर्ष की तरह इस बार भी आंतरिक मूल्यांकन (प्रोजेक्ट कार्य) के आधार पर संपादित कराई जाएंगी।
हाईस्कूल के व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को भी निर्धारित तिथि तक अपने अग्रसारण केंद्र के व्यवस्थापक से संपर्क कर प्रयोगात्मक परीक्षा में शामिल होना होगा।
प्रयोगात्मक परीक्षा का प्रथम चरण 26 दिसंबर से नौ जनवरी तक होगा, जिसमें लखनऊ जनपद के अतिरिक्त अन्य जनपदों के विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इसी प्रकार द्वितीय चरण 10 से 24 जनवरी तक आयोजित किए जाएंगे, जिसमें विभिन्न जनपदों के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications