यूपी चुनाव: शिवपाल-अखिलेश के बीच कम नहीं हुई खटास! प्रसपा ने मेरठ कैंट सीट से घोषित किया प्रत्याशी
लखनऊ, 15 सितंबर: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी में विलय की चर्चा के बीच प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने चुनाव के लिए मेरठ में पार्टी के जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी को कैंट का प्रत्याशी घोषित कर दिया है। जिला मीडिया प्रभारी जीशान अहमद ने बताया कि लखनऊ में मंगलवार को हुई बैठक में यह घोषणा की गई है।

शिवपाल-अखिलेश के बीच कम नहीं हुई खटास!
बता दें, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव कई मौकों पर इस बात का संकेत दे चुके हैं कि वह सपा में विलय को तैयार हैं। लेकिन कोई बात करने को तैयार नहीं है। हालांकि, अखिलेश भी कई कार्यक्रम में बोल चुके हैं कि चाचा का पूरा ख्याल रखा जाएगा, उनके लिए सीट छोड़ी जाएगी, उनके कार्यकर्ताओं का पार्टी में पूरा सम्मान होगा। हालांकि, चाचा और भतीजे के बीच खटास अभी भी कम होती नजर नहीं आ रही है। शिवपाल यादव ने मेरठ कैंट से प्रत्याशी घोषित कर दिया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी को कैंट का प्रत्याशी बनाया गया है।
मेरठ में चुनावी मोड में आई समाजवादी पार्टी
बता दें, उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। राजनीतिक पार्टियां तैयारियों में जुट गई हैं। मेरठ में समाजवादी पार्टी करीब 3 हजार बूथ कमेटियों का गठन कर पार्टी का विस्तार कर रही है। पार्टी आलाकमान को भी रिपोर्ट भेजकर संगठन की गतिविधियों को बताया गया है। जिलाध्यक्ष चौधरी राजपाल सिंह के मुताबिक, सातों विधानसभा को 30 सेक्टर में बांटकर सेक्टर प्रभारी नियुक्त किए जा चुके हैं। प्रत्येक सेक्टर के बूथ प्रभारी सहित बूथ कमेटी बना दी गई है। राजपाल सिंह ने बताया कि पूरे जनपद में ब्लॉक स्तर पर संगठन मजबूती से चुनाव कार्य में जुट गया है। सभी प्रकोष्ठ, जिला व महानगर कार्यकारिणी, नगर पालिका व नगर पंचायत की कार्यकारिणी और बूथ समितियों के 25 हजार पदाधिकारी चुनाव में जुट गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications