केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने UP को 16 सड़क परियोजनाओं की दी सौगात, अब 40 मिनट में पहुंचेंगे बुलंदशहर से मेरठ
लखनऊ। बुलंदशहर से मेरठ पहुंचने में करीब तीन घंटे लगते थे, लेकिन अब आप मेरठ तक केवल 40 मिनट में पहुंच जाएंगे। जी हां, बुलंदशहर से मेरठ जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 235 का लोकार्पण केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से किया है। चार लेन के इस हाईवे को 61.19 किमी बनाया गया है। इसकी कुल लागत 2407.91 करोड़ रुपए आई है। इसके बनने के बाद अब 100 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से सिर्फ 40 मिनट में आप बुलंदशहर से मेरठ पहुंच जाएंगे।

दरअसल, केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश को 7,477 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की सौगात दी है। इस दौरान उन्होंने बोलते हुए कहा कि जितने राजमार्ग 60 सालों में बने उतने भाजपा के सिर्फ छह वर्षों के कार्यकाल में बने हैं। विकास की इसी कड़ी में 505 किलोमीटर लंबी 7,477 करोड़ रुपए की सड़क परियोजनाओं का गुरुवार (26 नवंबर) को लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। केंद्रीय मंत्री गडकरी नई दिल्ली से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के एनेक्सी सभागार से इस ऑनलाइन लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम से जुड़कर कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
ऑनलाइन जुड़े केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि सड़कें ठीक होंगी तो नए उद्योग लगेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के मौके बढ़ेगे। इसके लिए उत्तर प्रदेश में दो लाख करोड़ रुपए की सड़क निर्माण की परियोजनाएं चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि वॉटर, पॉवर, ट्रांसपोर्टेशन और कम्युनिकेशन से यूपी विकसित होगा। उत्तर प्रदेश में रास्ते अच्छे होंगे तो उद्योग आएंगे, खेती को फायदा होगा नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे और उत्तर प्रदेश सुखी एवं सम्पन्न राज्य बनेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनका मानना है कि वॉटर, पॉवर, ट्रांसपोरटेशन एण्ड कम्युनिकेशन ये चार बाते ठीक प्रकार से विकसित होंगी तो उत्तर प्रदेश का विकास होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि छह वर्षों में प्रदेश में विकास और राजमार्ग का जितना काम हुआ है कि इसके लिए केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय बधाई का पात्र है। इन छह वर्षों में इस मंत्रालय ने विकास कार्यों को हर जगह पहुंचाया। पहली बार जब केंद्रीय मंत्री गडकरी, गोरखपुर आए थे तो बाईपास की आधारशिला रखी थी। आज उस कालेसर-जंगल कौड़िया फोरलेन बाईपास का भी लोकार्पण हो रहा है। जिन 16 परियोजनाओं का लोकार्पाण-शिलान्यास हुआ है उनमें गोरखपुर बस्ती मंडल की भी 1182 करोड़ रुपए की सड़के शामिल हैं।
इन परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण
- कानपुर जनपद के अंतर्गत लेवल क्रासिंग संख्या 79डी पर रोड ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य 790 मीटर 50.74 करोड़ रुपए।
- राष्ट्रीय राजमार्ग 235 का मेरठ से बुलंदशहर तक फोरलेन चौड़ीकरण 61.19 किमी 240.91 करोड़ रुपए।
- महोबा एवं बांदा जनपद के अंतर्गत कबरई से बांदा खंड तक राष्ट्रीय राजमार्ग 76 के चौड़ीकरण एवं उन्नयन का कार्य 37 किमी। 215.16 करोड़ रुपए।
- गोरखपुर में कालेसर-जंगल कौड़िया फोरलेन बायपास 17.66 किमी 866 करोड़ रुपए
- सिद्धार्थनगर जिले में बढ़नी से कटाया चौक खंड तक राष्ट्रीय राजमार्ग 730 के चौड़ीकरण एवं उन्नयन का कार्य 35 किमी 209.10 करोड़ रुपए।
-प्रतापगढ़ से प्रयागराज बायपास खंड तक राष्ट्रीय राजमार्ग 96 के चौड़ीकरण एवं उन्नयन का कार्य 34.70 किमी 599.35 करोड़ रुपए।
- बहराइच से श्रावस्ती खंड तक राष्ट्रीय राजमार्ग 730 के चौड़ीकरण एवं उन्नयन का कार्य 61.90 किमी 388.83 करोड़ रुपए।
- चित्रकूट व प्रयागराज जनपद अंतर्गत मऊ से जसरा खंड तक राष्ट्रीय राजमार्ग 76 के चौड़ीकरण व उन्नयन का कार्य 53.55 किमी 599.35 करोड़ रुपये।
इनका हुआ शिलान्यास
- गोरखपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 227 ए पर सिकरीगंज एवं गोला के बीच में चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य 9 किमी 37.52 करोड़ रुपये।
- कुशीनगर में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 730 के तमकुहीराज और पडरौना के बीच में चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य 19 किमी 69.67 करोड़ रूपए।
- राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 75ई के मध्य प्रदेश बार्डर से शुरू होकर सोनभद्र होते हुए उत्तर प्रदेश-झारखंड सीमा तक सुदृढ़ीकरण का कार्य एवं इसी मार्ग पर एक अन्य कार्य क्रमशः 65.21 किमी 57.50 करोड़ एवं 26.81 किमी 29.63 करोड़ रुपए।
- राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 91ए के भरथना चौक, इटावा से कुदरकोट मार्ग तक के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य 40 किमी 262.37 करोड़ रुपए।
- राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 135 सी ड्रमंडगंज से हलिया मार्ग तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य 18.40 किमी 39.37 करोड़ रुपये।
- राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 135सी के रामपुर से भडेवरा मार्ग तक के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य 15 किमी 76.23 करोड़ रुपये।
कार्य प्रारंभ
- प्रयागराज जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 96 पर फाफामऊ में गंगा नदी पर बने सेतु के समानांतर नए छह लेन सेतु का निर्माण कार्य 9.90 किमी 1948.25 करोड़ रुपए।












Click it and Unblock the Notifications