लखनऊ: लॉकडाउन में चौपट हुआ धंधा तो कारोबारी ने पत्नी को गोली मारकर की आत्महत्या
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के नाका थाना क्षेत्र में एक कारोबारी ने पत्नी से हुए झगड़े के बाद पहले उसे गोली मार दी, फिर खुद को भी गोली मारकर खुदकुशी कर ली। कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। गोली चलने की आवाज से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में महिला को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। यहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर नाका सुजीत कुमार दुबे ने बताया कि मौके से खोखा कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस घटना में प्रयुक्त असलहा को कब्जे में लेकर आगे की तफ्तीश कर रही है।

इंस्पेक्टर नाका सुजीत कुमार दुबे ने बताया कि चारबाग के पानदरीबा स्थित ब्लंट स्क्वायर अपार्टमेंट में रहने वाले अनुरूप सिंह (45) ट्रांसपोर्ट का काम करते थे। लॉकडाउन और बंदी के कारण उनका धंधा चौपट हो गया था। परिवार आर्थिक तंगी झेल रहा था और उनपर कुछ लोगों की उधारी भी थी। पड़ताल में पता चला है कि अनुरूप शराब पीने के आदी थे। इसको लेकर आए दिन उनका पत्नी से झगड़ा भी होता था। मंगलवार रात करीब 2:30 बजे पति-पत्नी बेडरूम में थे। बेटा आर्यन (15) बगल के कमरे में सोया था। रात को अनुरूप का पत्नी से झगड़ा होने लगा। शोर-शराबा सुनकर जबतक बेटा पहुंचता इससे पहले अनुरूप ने लाइसेंसी पिस्टल से पत्नी को गोली मार दी, इसके बाद अपने कनपटी पर सटाकर खुद को उड़ा दिया।
बेटा पहुंचा तो खून से लथपथ हालत में दोनों को देखकर चीखने लगा। शोर सुनकर आस पड़ोस के लोग आ गए। पुलिस पहुंची तो मधु की सांसे चल रही थीं। मधु को ट्रामा में भर्ती कराया गया। वहीं, अनुरूप को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। आर्यन ने बताया कि पिता का ट्रांसपोर्ट का काम ठप हो गया था। पुलिस के मुताबिक, अनुरूप ने गृहकलह, आर्थिक तंगी और उधारी से त्रस्त होकर यह कदम उठाया। पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications