यूपी में शिक्षकों को बनाया जाएगा कोरोना योद्धा, प्रयागराज में फंसे विद्यार्थियों को भेजा जाएगा घर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों को कोरोना योद्धा बनाने का आदेश जारी किया है। इसके लिए उनको प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं प्रयागराज में फंसे प्रतियोगियों को भी उनके घर भिजवाने के लिए 300 सरकारी बसों की व्यवस्था की गई है। इन विद्यार्थियों को दो राउंड में घर पहुंचाया जाएगा। प्रदेश में कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ता जा रहा है और अब संख्या 1955 हो चुकी है।

दो राउंड में छात्रों को भेजा जाएगा घर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में लगे विद्यार्थियों को उनके घर भेजने के लिए जरूरी इंतजाम करने के आदेश दिए। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकारी परिवहन की 300 बसों को लगाया गया है। इसकी जानकारी देते हुए प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने बताया कि पहले राउंड में सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, प्रतापगढ़, कौशांबी, फतेहपुर और चित्रकूट के विद्यार्थियों को उनके घर भेजा जाएगा। दूसरे राउंड में अन्य जगहों के विद्यार्थियों को उनके होम टाउन पहुंचाया जाएगा।

हर जिले में मास्टर ट्रेनर देंगे शिक्षकों को प्रशिक्षण
अवनीश अवस्थी ने आगे बताया कि मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को कोरोना योद्धा के तौर पर तैयार करने के लिए उनको ट्रेनिंग देने का आदेश दिया है। इसके लिए हर जिले में मास्टर ट्रेनर नियुक्त किए जाएंगे जो शिक्षकों को बताएंगे कि कोरोना वायरस के संक्रमण से कैसे निपटना है, कैसे लोगों की मदद करनी है।

प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या हुई 1955
राज्य के प्रिंसिपल सेक्रेटरी हेल्थ अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 1955 हो गई है। अब तक इस बीमारी से 31 लोगों की मौत हो चुकी है। कुल 335 लोग बीमारी को मात देकर संक्रमण से मुक्त होकर अस्पताल से डिस्चार्ज किए जा चुके है। गौतम बुद्ध नगर में 14 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं जिनमें से 6 स्वास्थ्यकर्मी हैं। जिला सर्विलांस अफसर ने इस बारे में बताया कि जनपद में कुल मरीजों की संख्या 129 हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications