आजम खान का हॉस्पिटल ने जारी किया हेल्थ बुलेटिन, बताया कैसी है तबीयत
लखनऊ, मई 14: समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता व रामपुर से सांसद आजम खान की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। आजम खान को अभी आईसीयू में रखा हुआ है। तो वहीं, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान की हालत स्थिर है। इस बात की जानकारी मेदांता हॉस्पिटल ने हेल्थ बुलेटिन जारी कर दी है। हेल्थ बुलेटिन जारी करते हुए हॉस्पिटल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ राकेश कपूर ने बताया कि आजम खान को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।

बता दें कि सीतापुर जेल में बंद सांसद आजम खान पिछले महीने के अंत में कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उनके साथ उनके बेटे अब्दुल्ला खान भी संक्रमित हुए। शुरु में तो दोनों ने लखनऊ इलाज करवाने से मना कर दिया था, लेकिन 9 मई को उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। जिसके बाद आनन-फानन में उनको लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। मेदांता हॉस्पिटल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ राकेश कपूर ने कहा कि जब आजम खान मेदांता लाए गए, तो उनको 4 से 5 लीटर ऑक्सीजन की प्रति घंटे जरूरत पड़ रही थी, क्योंकि कोरोना की वजह से लग्स में निमोनिया हो गया था।
बता कि आजम खान की सीवियरिटी और डिजीज बढ़ी, जिस वजह से ऑक्सीजन और बढ़ाना पड़ा। साथ ही उनको कोविड वार्ड से आईसीयू में शिफ्ट किया गया। उन्होंने आगे कहा कि कोरोना प्रोटोकॉल के तहत उनका इलाज किया जा रहा है। आजम खान को आईसीयू में ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। संक्रमण अभी बना हुआ है। ऐसी स्थिति में क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। तो वहीं, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान की हालत स्थिर और संतोषजनक है।
मालूम हो कि आजम खान पिछले फरवरी 2020 से ही सीतापुर जेल में बंद है। उन पर रामपुर में अवैध जमीन कब्जाने और फर्जी प्रमाणपत्र बनाने जैसे कई आरोप लगे हैं। उनकी पत्नी डॉ तंजीम फातिमा भी जेल में बंद थीं, लेकिन कुछ समय पहले ही उन्हें जमानत मिल गई थी और वो अब जेल से बाहर हैं। लेकिन, आजम खान और अब्दुल्ला आजम का इंतजार लम्बा होता जा रहा है। आजम के ऊपर 80 से ज्यादा मुकदमें दर्ज है, जबकि अब्दुल्ला के ऊपर 40 से ज्यादा केस दर्ज हैं। जानकारी के अनुसार अधिकतर मामलों में उन्हें जमानत मिल चुकी है, अब कुछ मुकदमों में ही जमानत मिलनी बाकी है।












Click it and Unblock the Notifications