अखिलेश यादव बोले- भाजपा ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है, ये वापस लौटने की तैयारी है
लखनऊ, 09 सितंबर: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आते-आते नेताओं के बयान भी तल्ख होने लगे हैं। एक तरफ सत्ताधारी दल भाजपा प्रदेश में दोबारा सरकार बनाने का दावा कर रही है तो वहीं, दूसरी तरफ विपक्षी दलों का कहना है कि जनता इस बार भाजपा नकार देगी। इन सब बयानबाजी के बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट के माध्यम से भाजपा सरकार पर हमला बोला है।

अखिलेश ने कहा- भाजपा ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को ट्वीट कर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। अखिलेश ने लिखा, 'महत्वपूर्ण ये नहीं है कि हमने कैसा जीवन जिया, महत्वपूर्ण ये है कि हमारी वजह से लोगों ने कैसा जीवन जिया। भाजपा ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। अब तो भाजपाइयों के प्रवचन तक अच्छे नहीं लगते, उनके दिए गये वचन की तो क्या ही बात करें। ये वापस लौटने की तैयारी है।'
चुनाव के मद्देनजर सियासी माहौल गर्म
बता दें, उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गर्म हो चला है। एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी पिछले तीन दिनों से यूपी में हैं। रामनगरी अयोध्या से चुनावी अभियान की आगाज कर ओवैसी सुल्तानपुर पहुंचे और फिर लखनऊ से सटे बाराबंकी जिले में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान ओवैसी ने अखिलेश यादव और मायावती पर जमकर हमला बोला। इसके साथ ही भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उधर, कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांध वाड्रा भी लखनऊ पहुंच गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, वह यहां दो दिन रहेंगी और पार्टी नेताओं संग बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगी। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने प्रियंका गांधी के लखनऊ दौरे को ड्रामा बताया है। उन्होंने कहा कि यूपी में बीजेपी की जीत पक्की है।












Click it and Unblock the Notifications