जैश-ए-मोहम्मद के लिए सहारनपुर में आतंकी तैयार कर रहे थे शहनबाज और आकिब
Lucknow News, लखनऊ। यूपी एटीएस (ATS) ने गुरुवार को सहारनपुर के देवबंद से दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आतंकी देवबंद में बिना दाखिला लिए पढ़ाई की आड़ में जैश-ए-मोहम्मद के लिए आतंकी भर्ती कर रहे थे। इस बात का खुलासा यूपी के डीजीपी ओपी सिंह ने किया है।

जैश-ए-मोहम्मद के लिए करते थे आतंकी भर्ती
यूपी के डीजीपी ओपी सिंह मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार को देर रात एटीएस की टीम ने देवबंद से जिन दो संदिग्ध को गिरफ्तार किया है उनमें से शहनवाज कुलगाम से और आकिब पुलवामा से है। उन्होंने बताया कि देवबंद के एक छात्र ने सूचना दी थी कि देवबंद में दो युवक बिना दाखिले के पढ़ाई की आड़ में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के लिए आतंकी भर्ती करने का काम कर रहे है। इस सूचना पर एटीएस ने जांच की तो दोनों संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाये गए।

जेहादी चैट, वीडियो और फोटो बरामद
आईजी एटीएस असीम अरुण गुरुवार की देर रात देवबंद पहुंचे। उन्होंने दोनों के कमरों की तलाश ली तो उनके पास से दो पिस्टल और 30 कारतूस बरामद हुए। साथ ही दोनों संदिग्ध के फोन से जेहादी चैट, वीडियो और फोटो भी बरामद हुए है। प्रारंभिक पूछताछ में आया है कि दोनों आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सक्रिय सदस्य है। दोनों को नए सदस्य तैयार करने के लिए भेजा गया था।

इन बिंदुओं पर एटीएस करेंगी पूछताछ
1- कश्मीर से आकर यहां कब से छुपे हुए थे।
2- इसके और कौन-कौन से साथी हैं।
3- क्या यहां किसी को जैश में भर्ती करने में सफल हुए।
4- इनके पास धन कैसे आया, कितना आया।
5- आतंकी भर्ती के बाद इनके टारगेट और क्या-क्या थे।












Click it and Unblock the Notifications