अंडरवियर में 4.5 करोड़ का सोना, एयरपोर्ट पर तो इस तरह बच गया, लेकिन फिर भी पहुंच गया हवालात
लखनऊ, 08 सितंबर: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से सोने की तस्करी का मामला सामने आया है। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस ने मंगलवार को लखनऊ एयरपोर्ट से तस्करी का सोना लेकर मुजफ्फरनगर जा रहे एक शख्स को पकड़ा है। शख्स के अपने अंडरवियर में 9 किलो सोना छिपाए था। इस सोने की कीमत साढ़े चार करोड़ रुपए बताई जा रही है। डीआरआई ने एयरपोर्ट से सोना बाहर निकलवाने वाले कस्टम के हवलदार को भी गिरफ्तार कर लिया है।

बेल्ट और अंडरवियर में बनी जेब में छिपाया था सोना
अधिकारियों के मुताबिक, सूचना मिली थी कि सऊदी अरब की राजधानी रियाद से आने वाली फ्लाइट से सोना लखनऊ लाया जा रहा है। इसके बाद से ही टीम अलर्ट हो गई थी। फ्लाइट आने के थोड़ी देर बाद एक यात्री बाहर आया और पोर्टिकों में खड़ी एसयूवी कार में बैठकर चल दिया। डीआरआई की टीम ने अपनी गाड़ी भी एसयूवी के पीछे लगा दी। काफी दूर तक पीछा करने के बाद टीम ने एसयूवी को आगरा एक्सप्रेस-वे पर रोक लिया। शख्स की तलाशी ली गई तो उसके पास से सोने के 77 बिस्किट मिले। सोने के बिस्किट बेल्ट और अंडरवियर में बनी जेब में छिपाए गए थे।

साढ़े चार करोड़ रुपए की कीमत का सोना
अधिकारियों के मुताबिक, तस्करी कर ले जाए जा रहे सोने का वजन 9 किलो है, जिसकी कीमत साढ़े चार करोड़ रुपए है। पूछताछ में तस्कर ने बताया कि उसे यह सोना मुजफ्फरनगर पहुंचाने के लिए कहा गया था। कस्टम के एक हवलदार की मदद से सोना एयरपोर्ट से बाहर निकाला गया था। डीआरआई की टीम ने एयरपोर्ट से सोना बाहर निकलवाने वाले कस्टम के हवलदार को भी गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सोने की तस्करी के तार मुजफ्फरनगर से जुड़े
बता दें, कुछ दिन पहले भी मुजफ्फरनगर के दो लोगों को लखनऊ में ढाई करोड़ रुपए के सोने के साथ पकड़ा गया था। इस मामले में डीआरआई की टीम ने बागोवाली गांव में दबिश डाली थी, लेकिन कोई आरोपित हत्थे नहीं चढ़ा था। माना जा रहा है कि अब एक बार फिर डीआरआई की टीम जिले में दबिश दे सकती है।












Click it and Unblock the Notifications