लखनऊ में सपा विधायक किए गए नजरबंद, विधानसभा के बाहर धरना प्रदर्शन की थी तैयारी
लखनऊ, 14 सितंबर : लखनऊ में समाजवादी पार्टी द्वारा विधानसभा के बाहर भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन करने से पहले उनके नेताओं के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। समाजवादी पार्टी विधायक रविदास मेहरोत्रा के निवास के बाहर भी पुलिस फोर्स तैनात है। सपा विधायक ने वीडियो जारी करते हुए कहा, ''समाजवादी पार्टी ने आज विधानसभा पर धरना का कार्यक्रम तय किया था। ये धरना शांतिपूर्ण धरना था, मगर प्रदेश सरकार तानाशाही से इस धरने को दबाने का काम कर रही है।''
Recommended Video

सपा के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से वीडियो शेयर करते हुए लिखा गया, ''लोकतंत्र की हत्या करना बंद करे सरकार! आज विधानसभा में जनहित के मुद्दों को उठाने के लिए धरना देने जा रहे सपा विधायकों को पुलिस ने पहले घरों से नहीं निकलने दिया। अब लोकतंत्र के चौथे स्तंभ 'मीडिया' के बंधुओं को सपा विधायकों से बात भी नहीं करने दे रही पुलिस। घोर निंदनीय!''
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने आम आदमी के मुद्दों पर धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। बुधवार को विधानसभा स्थित पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास सुबह 11 बजे से प्रदर्शन करने की तैयारी थी। लेकिन इससे पहले ही सपा विधायकों को नजरबंद कर दिया गया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के घर और कार्यालय के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है। सपा कार्यालय की तरफ आने वाले दोनों रास्तों को भी बंद कर दिया गया है। लखनऊ के सपा विधायकों में रविदास महरोत्रा के घर के बाहर भी पुलिस तैनात की गई है।












Click it and Unblock the Notifications