उत्तर प्रदेश में बारिश के कारण स्कूलों की छुट्टियां बढ़ी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार को भी खूब बारिश हुई, जिस वजह से तापमान में गिरावट आई है। मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में भारी बारिश का अनुमान जताया है, जिसके कारण प्रशासन ने स्कूलों की छुट्टियां चार जुलाई तक के लिए बढ़ा दी हैं।क्षेत्रीय मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह तक भारी बारिश होने का अनुमान जताया।

इस बीच, भारी वर्षा के कारण घाघरा नदी उफान पर है। गोंडा, बहराइच तथा बाराबंकी के कुछ इलाकों में छोटे तटबंध टूट गए हैं। ऐसे इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में हुई भारी बारिश के कारण बाढ़ नियंत्रण मशीनरी को सक्रिय कर दिया गया है।
बारिश के कारण नालों के पानी में भी वृद्धि हुई है और कई शहरों में नालों का पानी सड़कों पर आ गया है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ ने राज्य के मुख्य सचिव को हालात से निपटने के लिए चलाए गए अभियान की व्यक्तिगत तौर पर निगरानी करने और यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि नालों की उचित तरीके से सफाई हो।












Click it and Unblock the Notifications