राजीव गांधी पर मोदी के बयान से भड़के राहुल- प्रियंका, बोले-सनक में शहादत का अपमान
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को लेकर की गई टिप्पणी पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पलटवार किया है। राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'मोदीजी, लड़ाई खत्म हो चुकी है। आपके कर्म आपका इंतजार कर रहे हैं।' वहीं, प्रियंका ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपनी बेलगाम सनक में एक नेक और पाक इंसान की शहादत का निरादर किया। जवाब अमेठी की जनता देगी, जिनके लिए राजीव गांधी ने अपनी जान दी। हां मोदीजी 'यह देश धोकेबाजी को कभी माफ नहीं करता'।'

पीएम ने राजीव गांधी को बताया था भ्रष्टाचारी नंबर वन
बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा था कि आपके पिताजी को देश में मिस्टर क्लीन के नाम से प्रचारित किया गया, लेकिन मिस्टर क्लीन का जीवनकाल भ्रष्टाचारी नंबर वन के तौर पर खत्म हुआ था। नामदार यह अहंकार आपको खा जाएगा। ये देश गलतियां माफ करता है, मगर धोखेबाजी को कभी माफ नहीं करता।

राहुल गांधी ने कहा- लड़ाई खत्म हो चुकी है...
राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'मोदीजी, लड़ाई खत्म हो चुकी है। आपके कर्म आपका इंतजार कर रहे हैं। खुद के बारे में अपनी आंतरिक सोच को मेरे पिता पर थोपना भी आपको नहीं बचा पाएगा। सप्रेम और झप्पी के साथ- राहुल।'

प्रियंका गांधी ने कहा- जवाब अमेठी की जनता देगी
प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा, शहीदों के नाम पर वोट मांगकर उनकी शहादत को अपमानित करने वाले प्रधानमंत्री ने अपनी बेलगाम सनक में एक नेक और पाक इंसान की शहादत का निरादर किया। जवाब अमेठी की जनता देगी जिनके लिए राजीव गांधी ने अपनी जान दी। हाँ मोदीजी ‘यह देश धोकेबाजी को कभी माफ नहीं करता'।












Click it and Unblock the Notifications