'यह लड़ाई आपकी थाली भरने वालों और अरबपतियों की थैली भरने वालों के बीच है', भारत बंद पर प्रियंका गांधी ने कहा
लखनऊ। 08 दिसंबर, दिन मंगलवार को किसानों ने भारत बंद का ऐलान किया है, वो कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले 13 दिनों से दिल्ली बॉर्डर पर डटे हुए है। तो वहीं, उत्तर प्रदेश की प्रभारी व कांग्रस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी भारत बंद को लेकर आह्वान किया है। साथ ही ट्वीट करते हुए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि किसानों का साथ देने के लिए यूपी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को किया जा रहा है नजरबंद और गिरफ्तार।

आइए किसानों का साथ दें: प्रियंका गांधी
उत्तर प्रदेश प्रभारी व कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मंगलवार को ट्वीट करते हुए केंद्र सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने लिखा, 'जो किसान अपनी मेहनत से फसल उगाकर हमारी थालियों को भरता है, उन किसानों को भाजपा सरकार अपने अरबपति मित्रों की थैली भरने के दबाव में भटका हुआ बोल रही है।
ये संघर्ष..
आपकी थाली भरने वालों और अरबपतियों की थैली भरने वालों के बीच है। आइए, किसानों का साथ दें।'
'करो या मरो' की लड़ाई है: प्रियंका
प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा कि, 'किसानों का साथ देने के लिए आज पूरे उप्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को नजरबंद एवं गिरफ्तार किया जा रहा है। कड़कड़ाती ठंड में बैठे किसानों के लिए खेती, किसानी एमएसपी बचाने के लिए ये "करो या मरो" की लड़ाई है। कांग्रेस कार्यकर्ता अपने आखिरी दम तक किसानों के साथ है।'
केवल अरबपतियों के बारे में सोचती है ये सरकार: प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने इससे पहले 7 दिसंबर भी सरकार पर हमला बोलते हुए ट्वीट किया था। ट्वीट के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा था, 'भाजपा सरकार के पास
- 20,000 करोड़ का नया संसद कॉरिडोर बनाने
- 16,000 करोड़ का पीएम के लिए स्पेशल जहाज खरीदने का पैसा है।
लेकिन यूपी के गन्ना किसानों को 14000 करोड़ भुगतान कराने का पैसा नहीं है। 2017 से गन्ने का मूल्य नहीं बढ़ा है। ये सरकार केवल अरबपतियों के बारे में सोचती है।'












Click it and Unblock the Notifications