प्रियंका गांधी ने योगी सरकार को ट्वीट कर की अपील, कहा- बुनकरों की करें आर्थिक मदद
लखनऊ। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस और लॉकडाउन के चलते छोटे कारोबारियों और दिहाड़ी मजदूरों के सामने आर्थिक तंगी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस संकट का असर उत्तर प्रदेश के बुनकरों पर भी पड़ा है। जिसके चलते पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के बुनकरों ने 1 सितंबर से अपने करघरों को बेमियादी वक्त के लिए बंद करने का निर्णय लिया है। तो वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने योगी सरकार को पत्र लिखाकर बुनकरों के परिवारों की आर्थिक मदद करने की अपील की है।

बुनकरों की मदद करें योगी सरकार: प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को ट्वीट करते हुए उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार से अपील की है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, 'मैंने 13 मई को यूपी सरकार को पत्र लिखकर बुनकरों का बिजली बिल माफ करने व लॉकडॉउन से उपजे संकट में मदद के लिए प्रत्येक बुनकर परिवार को 12000 रु प्रतिमाह देने का निवेदन किया था। बुनकरों की बुरी हालत को देखते हुए सरकार को तुरंत ये कदम उठाने चाहिए ताकि इस कला को बचाया जा सके।'
विश्व प्रसिद्ध है वाराणसी का बुनकर उद्योग
बता दें कि वाराणसी का बुनकर उद्योग विश्व में प्रसिद्ध है, लेकिन इस वक्त इन पर भी कोरोना वायरस और लॉकडाउन की मार पड़ी है। बीते दिन ही वाराणसी के साड़ी बुनकरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान 27 अगस्त को किया था। बुनकरों की ओर से कहा गया है कि कोरोना संकट के बीच भी बिजली की कीमतें बढ़ाई जा रही हैं। ऐसे में करघा चलाना संभव नहीं रह गया है।

पावरलूम के लिए 1500 रुपए बिजली का बिल करना पड़ेगा अदा
उत्तर प्रदेश बुनकर सभा के प्रदेश अध्यक्ष इफ्तेखार अहमद अंसारी ने कहा कि पावरलूम बुनकरों का बिजली रेट काफी बढ़ा दिया गया है। मीडिया को जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2006 से फ्लैट दरों पर बिजली बिल चुकाया जा रहा था। इसमें वे एक पावरलूम के लिए साढ़े 71 रुपये दे रहे थे। जबकि आज इस दर में कई गुना बढ़ोतरी हुई है। अब प्रत्येक पावरलूम के लिए 1500 रुपए बिजली का बिल देना पड़ेगा। इफ्तेखार अहमद अंसारी ने कहा कि ये रकम चुकाने में बुनकर सक्षम नहीं है। जिसके चलते उत्तर प्रदेश बुनकर सभा की संचालन समिति की बैठक में तय किया गया है कि 1 सितंबर से वाराणसी के बुनकर अपने पावरलूम को अनिश्चितकालीन के लिए बंद कर दंगे।

ठप हो जाएगी 3 लाख पावरलूम मशीनें
बुनकर सभा के प्रदेश अध्यक्ष इफ्तेखार अहमद अंसारी ने कहा कि उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी और उन्हें भरोसा दिया गया था कि उन लोगों से पुराने दर पर बिजली बिल लिया जाएगा। लेकिन लॉकडाउन लगने के कारण सारी फाइलें उसी तरह पड़ी रह गईं और आज तक उस पर कोई निर्णय नहीं हुआ। इनका कहना है कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के बावजूद उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। बुनकर संघ का कहना है कि पूरे प्रदेश में लगभग तीन लाख पावरलूम की मशीन है और इससे 15 लाख बुनकर सीधे जुड़े हुए हैं, 1 सितंबर से ये सभी लोग बेरोजगार हो जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications