योगी सरकार के रिपोर्ट कार्ड पर प्रियंका गांधी ने उठाए सवाल, कहा- आखिर सरकार कब जागेगी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के तीन साल पूरे होने पर बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रिपोर्ट कार्ड जारी किया है। वहीं, विपक्षी दल सरकार के रिपोर्ट कार्ड पर सवाल उठा रहे है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट कर योगी सरकार के रिपोर्ट कार्ड में महिला सुरक्षा को लेकर किए गए दावों पर सवाल खड़े किए हैं। साथ ही सरकार के दावों को झूठा करार दिया।

प्रियंका गांधी ने किया ट्वीट
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को ट्वीट करते हुए तंज कसा है। प्रिंयका गांधी ने लिखा, 'यूपी की भाजपा सरकार अपना रिपोर्ट कार्ड जारी कर रही है। झूठ से भरे इस रिपोर्ट कार्ड में महिला सुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे किए गए हैं। लेकिन उन्नाव की भयावह घटना के बाद आज लखीमपुर की घटना ने महिला सुरक्षा के दावे के पोल खोल दिए। आखिर सरकार कब जागेगी?

तीन साल पूरे होने पर जारी किया रिपोर्ट कार्ड
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को तीन साल पूरे होने के दौरान सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि हमने प्रदेश में हर एक क्षेत्र में सफलता हासिल की है। हमने यहां निवेश की संभावनाओं को बढ़ाया। अब सभी 75 जिलों में बिजली की आपूर्ती होगी, 1.67 लाख गांवों में बिजली पहुंच चुकी है। उन्होंने बताया कि हमारी सरकार ने इंटर स्टेट कनेक्टिविटी को आगे बढ़ाया है। चार शहरों में मेट्रो सेवाएं चालू हो गई हैं, जबकि दो शहरों में अब भी काम चालू है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के सहारे पांच लाख लोगों का हेल्थ बीमा कराया जा चुका है।
अपराध के मामलों में आई है कमी
उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन वर्षों में उत्तर प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। इतना ही नहीं, अपराध के अन्य मामलों में भी कमी आई है। इसके साथ ही पुलिस को आधुनिक बनाने में भी सरकार ने काफी काम किया है। प्रधानमंत्री के कई योजनाओं को गरीब और पिछड़ों तक पहुंचाने का काम सरकार ने किया। पिछले तीन वर्षों में 1.67 लाख घरों में बिजली पहुंचाई गई। इसके अलावा 30 लाख गरीब परिवारों को घर दिए गए।












Click it and Unblock the Notifications