बिजली की बढ़ी कीमतों को लेकर योगी सरकार पर बरसीं प्रियंका गांधी, ट्वीट कर कही ये बात
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बिजली की बढ़ी कीमतों को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमलावर हुई है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि पहले महंगे पेट्रोल-डीजल का बोझ और अब महंगी बिजली की मार, उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार आम जनता की जेब काटने में लगी है। क्यों? वहीं, बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी फैसले पर नाराजगी जताते हुए इसे जनविरोधी बताया है।

प्रियंका ने ट्वीट कर साधा निशाना
प्रियंका गांधी ने बुधवार को योगी सरकार पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, 'पहले महँगे पेट्रोल-डीजल का बोझ और अब महंगी बिजली की मार: उप्र की भाजपा सरकार आम जनता की जेब काटने में लगी है। क्यों? खजाने को खाली करके भाजपा सरकार अब वसूली जनता पर महंगाई का चाबुक चला कर रही है। कैसी सरकार है ये?'
मायावती ने भी किया था ट्वीट
इससे पहले मंगलवार रात को बसपा सुप्रीमो मायावती ने बिजली दरें बढ़ाने को प्रदेश की भाजपा सरकार का जनविरोधी फैसला बताते हुए ट्वीट किया था। उन्होंने बढ़ाई गई दरों पर तत्काल पुनर्विचार की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बीजेपी सरकार का बिजली दरों को बढ़ाने को मंजूरी देना पूरी तरह जनविरोधी फैसला है। इससे प्रदेश की करोड़ों मेहनतकश जनता पर महंगाई का बोझ और बढ़ जाएगा। जनता का जीवन और अधिक कष्टदायी होगा। उन्होंने बढ़ाई गई दरोंपर तत्काल पुनर्विचार की मांग की है।
12 फीसदी हुई बढ़ोत्तरी
दरअसल, उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार शहरी और कॉमर्शियल क्षेत्र के साथ ही ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए भी बिजली की दरों में इजाफा कर दिया है। आदेश के अनुसार शहरी क्षेत्र में जहां लगभग 12 फीसदी की बढ़ोत्तरी की है, वहीं औद्योगिक क्षेत्र में ये इजाफा करीब 10 फीसदी का किया गया है। इसके अलावा सरकार ने ग्रामीण इलाकों में फिक्स चार्ज 400 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपए कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications