Kisan Andolan: गाजीपुर बॉर्डर पर किलेबंदी को लेकर प्रियंका ने पूछा सवाल, अखिलेश ने शायराना अंदाज में कसा तंज
Kisan Andolan, लखनऊ। कृषि कानूनों को लेकर केंद्र सरकार और किसान संगठनों के बीच फिलहाल सहमति बनती हुई नजर नहीं आ रही है। किसान पिछले काफी से दिल्ली बॉर्डर पर डटे हुए है और विरोध प्रदर्शन कर रहे है। किसानों का कहना है कि जब तक तीनों कानून वापस नहीं होते तब तक वो यहां डटे रहेंगे। तो वहीं, गणतंत्र दिवस के दिन राजधानी में हुई हिंसा की घटनाओं के बाद दिल्ली पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए बॉर्डर पर भारी बैरिकेडिंग करते हुए सड़क पर मोटी-नुकीली कीलें लगा दी हैं। अब इस मसले को लेकर उत्तर प्रदेश प्रभारी व कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
Recommended Video

'प्रधानमंत्री जी, अपने किसानों से ही युद्ध?'
उत्तर प्रदेश प्रभारी व कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मंगलवार को 22 सेंकड का वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है। वीडियो में गाजीपुर बॉर्डर पर सुरक्षाबलों की तैनाती दिख रही है। कई लेयर की बैरिकेंडिग के बाद उसमें कंटीले तारों को भी लगाया गया है। इसके बाद कई लेयर में सुरक्षाबल भी तैनात किए गए हैं। प्रियंका गांधी ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, 'प्रधानमंत्री जी, अपने किसानों से ही युद्ध?'
अखिलेश यादव ने शायरना अंदाज में कसा तंज
गाजीपुर बॉर्डर पर किलेबंदी को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शायरना अंदाज में तंज कसा है। अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'सियासत तू है कमाल, उठाके रास्ते में दीवार, बिछाकर कंटीले तार, कहती है आ करें बात।'
बॉर्डर पर बैरिकेडिंग, सड़कों में लगाई गई कीलें
बता दें कि 26 जनवरी को जिस तरह से दिल्ली में ट्रैक्टर रैली के दौरान हिंसा हुई उसके बाद से प्रदर्शनस्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। तो वहीं, किसानों ने एक बार फिर 6 फरवरी को चक्का जाम करने की बात करी है। ऐसे में दिल्ली पुलिस की ओर से गाजीपुर बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर और सिंघु बॉर्डर पर तैयारियां की जा रही हैं। यहां सीमाओं पर बैरिकेडिंग की गई है, सीमेंट के बड़े-बड़े बैरिकेड बना दिए गए हैं। सड़कों में कीलें लगाई जा रही हैं, कंटीली तारों का इस्तेमाल किया जा रहा है। ताकि प्रदर्शनकारी किसान फिर से दिल्ली की ओर ट्रैक्टर ना ले आए।












Click it and Unblock the Notifications