पिल्लों को पैरों से कुचलने के आरोप में पूजा ढिल्लन गिरफ्तार, नोटिस देकर पुलिस ने छोड़ा
लखनऊ। विभूतिखंड थाना पुलिस ने पशु क्रूरता के आरोप में आरोपी महिला पूजा ढिल्लन को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस ने पूजा ढिल्लन को कुछ देर बाद विवेचना में सहयोग देने की शर्तों पर नोटिस देकर रिहा कर दिया गया है। बता दें कि 25 अगस्त को सोशल मीडिया पर पशु क्रूरता के दो वीडियो वायरल हुए थे। वायरल वीडियो में कार में बैठी एक महिला कुत्ते के पिल्लों को पैरों से कुचलकर मारने की कोशिश कर रही थी।

पति के साथ घर से कहीं निकल गई थी पूजा
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पेटा इंडिया और एनिमल एक्टिविस्ट कामना पांडेय ने इस मामले में विभूतिखंड थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। खबर के मुताबिक, पिल्लों के साथ क्रूरता की हदों को पार कर रही महिला का नाम पूजा ढिल्लन बताया गया था। वो लखनऊ के ओमेक्स सिटी की रहने वाली है। जिसके बाद विभूतिखंड पुलिस ने शुक्रवार सुबह आरोपित महिला के ओमेक्स रेजीडेंसी स्थित आवास पर दबिश दी, लेकिन वह घर से फरार मिली। छानबीन में पता चला कि पूजा पति के साथ घर से कहीं निकल गई है।
पहले किया गिरफ्तार, फिर छोड़ा
पुलिस की एक टीम ने पूजा के मायके में भी दबिश दी, लेकिन वह वहां नहीं मिली। हालांकि देर रात आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। मुकदमे में गिरफ्तार कर जेल भेजने की धारा नहीं होने के कारण पुलिस ने पूजा को थाने से ही छोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपित महिला से पूरे प्रकरण के बारे में जानकारी ली जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। महिला का वीडियो किसने बनाया था और सोशल मीडिया पर वायरल कैसे हुआ, इसके बारे में भी पुलिस पता लगा रही है।
क्या था मामला
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक महिला कार में बैठी है और अपने पैर से पिल्लों को कुचलकर मारते दिख रही है। फिर पूरी ताकत से उसके मुंह को अपने हाई हील सैंडल से कुचलने लगती है। जिससे पिल्ला चिल्लाने लगता है। इसी तरह एक दूसरे वीडियो में दूसरा पिल्ला है। उसमें भी वह ठीक उसी तरह पैर से कुचलकर उसे मारने की कोशिश करती है। बाद में पिल्लों की मौत हो जाती है।
सोशल मीडिया पर चला था हैशटैग कैंपेन
दो पिल्लों के मारने का सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हैशटैग अरेस्ट पूजा ढिल्लन कैंपेन चला। बीते बुधवार को ट्विटर, इंस्टाग्राम, फेसबुक जैसे ज्यादातर सोशल साइट्स पर यह हैशटैग ट्रेंड में रहा था।












Click it and Unblock the Notifications