PM मोदी ने लखनऊ में किया अटल की प्रतिमा का अनावरण, कही ये बातें
लखनऊ। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 95वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को लखनऊ पहुंचे। यहां उन्होंने लोक भवन में अटल बिहारी वाजपेयी की कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद पीएम मोदी सीजी सिटी में स्थापित होने वाले अटल बिहारी चिकित्सा विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा, ''आज दिल्ली में अटल भूजल योजना का शुभारंभ किया। 6 हजार करोड़ रुपए की इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश सहित देश के 7 राज्यों में भूजल के स्तर को सुधारने के लिए काम किया जाएगा।''

सीएम योगी और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल रहीं मौजूद
पीएम मोदी बुधवार दोपहर तीन बजे विशेष विमान से लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट से सीधे लोक भवन पहुंचे, जहां 25 फीट ऊंची अटल बिहारी वाजपेयी की कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया। पीएम ने इसके बाद सीजी सिटी में स्थापित होने वाले अटल बिहारी चिकित्सा विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया। इस मौके पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।

लखनऊ के विकास के अटल जी कार्य हमेशा याद किए जाएंगे
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, ''अटल जी के विजन का सम्मान करने का मुझे मौका मिला है। आज के दिन ही अटल भूजल परियोजना का शुभारंभ किया। 6 हजार करोड़ रुपए की इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश सहित देश के 7 राज्यों में भूजल के स्तर को सुधारने के लिए काम किया जाएगा। रोहतांग टनल का नाम भी अटल टनल किया गया। उन्होंने देश के भविष्य को बनाने में जो योगदान दिया वह अतुल्य है और इसका जितना सम्मान कर सकें वह कम ही होगा। उन्होंने कहा कि अटल जी ने लखनऊ के विकास के लिए भी कई कार्य किए और वे हमेशा याद किए जाएंगे।''

अखिलेश ने कहा- भाजपाई हमारे श्रेय का अपहरण कर रहे हैं
पीएम नरेंद्र मोदी के लखनऊ दौरे को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोला है। अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा है कि सपा कार्यकाल में लखनऊ में लोकभवन का निर्माण और लोकार्पण हुआ, लेकिन भाजपाई अब हमारे श्रेय का अपहरण कर रहे हैं। दूसरे के कामों का फीता काटनेवालों ध्यान रहे जनता आप का पत्ता काटने के लिए तैयार बैठी है।












Click it and Unblock the Notifications