लखनऊ में पिटबुल ने फिर किया हमला, मां के साथ पार्क में टहल रहे युवक को दबोचा
लखनऊ, 12 सितंबर: पालतू कुत्तों के हमलों के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। राजधानी लखनऊ में एक बार फिर पिटबुल के अटैक का मामला सामने आया है। गोमतीनगर के विरामखंड दो स्थित पार्क में पिटबुल ने एक युवक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। युवक अपनी मां के साथ पार्क में टहल रहा था। इस हमले में युवक के हाथों पर चोट आई है। युवक को बचाने में मां को भी चोट लग गई। घायल युवक ने मामले में एफआईआर दर्ज करवाई है।

पिटबुल ने युवक के हाथ में काटा, मां को भी लगी चोट
घायल हुए युवक का नाम प्रांजल मिश्रा है। प्रांजल ने मीडिया को बताया कि अपनी मां के साथ शनिवार की रात करीब साढ़े 10 बजे खाना खाकर पार्क में टहल रहे थे। इस दौरान पार्क में एक 8-9 साल के बच्चे के साथ करीब 17 साल का लड़का अपना कुत्ता टहला रहा था। प्रांजल ने बताया कि वह कुत्ते से बचकर निकल ही रहे थे कि तभी उसने हमला कर दिया। मां ने देखा तो वह बचाने दौड़ी, लेकिन बीच में ही फिसलकर गिर पड़ी। इतने में कुत्ते ने हाथ पर काट लिया।घटना के बाद कुत्ते को टहला रहे दोनों युवक मौके से भाग निकले।
पुलिस ने दर्ज किया केस, मालिक की तलाश जारी
इंस्पेक्टर गोमती नगर दिनेश मिश्रा के मुताबिक, पीड़ित प्रांजल मिश्रा की तरफ से अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है। इस मामले में 289 आईपीसी के तहत अभियोग पंजीकृत कर पिटबुल मालिक की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दें, लखनऊ में ही पिटबुल डॉग ने अपने मालिक की 80 साल की मां को मौत के घाट उतार दिया था। जिस वक्त पिटबुल ने हमला किया था, उस वक्त मालिक घर पर नहीं थी। मालिक की मां पिटबुल को खाना दे रही थी, तभी उसने हमला कर दिया था। इसके बाद हाल ही में नोएडा और फिर गाजियाबाद से कुत्ते के हमले का वीडियो सामने आया है।












Click it and Unblock the Notifications