'सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो पेगासस मामले की जांच', अब मायावती ने भी खोला BJP के खिलाफ मोर्चा
सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो पेगासस मामले की जांच, अब मायावती ने भी खोला BJP के खिलाफ मोर्चा
लखनऊ, 29 जुलाई: पेगासस जासूसी मामले में बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) प्रमुख व यूपी की पूर्व सीएम मायावती ने एक बार फिर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। मायावती ने कहा कि पेगासस जासूसी कांड काफी गरमा रहा है, फिर भी केन्द्र इस मुद्दे की जांच कराने को तैयार नहीं है। ऐसे में बीएसपी सुप्रीम कोर्ट से अनुरोध करती है कि इस मामले में संज्ञान लेकर इसकी जांच अपनी निगरानी में कराए ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके।

काफी गरमा रहा है पेगासस जासूसी कांड: मायावती
बीएसपी प्रमुख मायावती ने गुरुवार 29 जुलाई को ट्वीट करते हुए लिखा, 'संसद का चालू मानसून सत्र देश, जनहित व किसानों आदि के अति-जरूरी मुद्दों पर सरकार व विपक्ष के बीच अविश्वास व भारी टकराव के कारण यह सत्र सही से चल नहीं पा रहा है। पेगासस जासूसी कांड भी काफी गरमा रहा है, फिर भी केन्द्र इस मुद्दे की जांच कराने को तैयार नहीं। देश चिन्तित।' मायावती ने कहा, 'ऐसे में बीएसपी माननीय सुप्रीम कोर्ट से यह अनुरोध करती है कि वह देश में इस बहुचर्चित पेगासस जासूसी कांड के मामले में खुद ही संज्ञान लेकर इसकी जाँच अपनी निगरानी में कराये ताकि इसको लेकर सच्चाई जनता के सामने आ सके।'
क्या है पेगासस जासूसी मामला?
इजरायली कंपनी एनएसओ के पेगासस सॉफ्टवेयर से भारत में कथित तौर पर 300 से ज्यादा हस्तियों के फोन हैक किए जाने का दावा किया जा रहा है। दावे के मुताबिक, जिन लोगों के फोन टैप किए गए उनमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और प्रह्लाद सिंह पटेल, पूर्व निर्वाचन आयुक्त अशोक लवासा और चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर सहित कई पत्रकार भी शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications