UP DGP का चार्ज संभालते ही एक्शन में दिखे मुकुल गोयल, विकास दुबे वाले कांड पर कही यह बात
लखनऊ, 02 जुलाई: उत्तर प्रदेश के नए डीजीपी मुकुल गोयल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद डीजीपी मुख्यालय में चार्ज संभाल लिया। इससे पहले उन्होंने परिवार के साथ हनुमान सेतु स्थित हनुमान मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। डीजीपी का चार्ज लेने के बाद मुकुल गोयल ने अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं और कहा कि पांच साल बाद वापस आया हूं। आप सबके सपोर्ट की जरूरत है। कानपुर के बिकरू कांड पर सवाल के जवाब में कहा कि यह मामला ठीक से हैंडल नहीं किया गया। अगर मामले को पुलिस गंभीरता से लेती तो इतना बड़ा कांड नहीं होता।

'जनता से सीधे जुड़ें पुलिस अधिकारी'
डीजीपी मुकुल गोयल ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा, आप सबकी मदद से प्रदेश की कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा, जो बिना जनता के सहयोग के संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस के अधिकारी किसी भी स्तर के हो जनता से सीधे जुड़े। जनता और पुलिस के बीच की दूरी कम हो।

छोटे अपराध को नजरअंदाज करना पड़ता है महंगा
मुकुल गोयल ने कहा कि अब छोटे-छोटे अपराध को नजरअंदाज करना काफी महंगा पड़ जाता है। उन्होंने कहा कि जो अच्छा काम कर रहे हैं उन्हें शाबाशी दी जाए। आज के दौर में पुलिस के कार्य में तकनीक का इस्तेमाल जरूरी है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से चले किसान आंदोलन तो ठीक है, जहां कानून व्यवस्था की बात आएगी वहां पुलिस अपना काम करेगी।

फरवरी 2024 में रिटायर होंगे मुकुल गोयल
बता दें, यूपी सरकार ने 30 जून को मुकुल गोयल को नया डीजीपी नियुक्त किया था। 22 फरवरी को 1964 को जन्मे मुकुल गोयल यूपी कैडर के 1987 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इन्होंने बीटेक व एमबीए की डिग्री प्राप्त कर रखी है। डीजीपी बनने के बाद अब मुकुल गोयल के पास लगभग ढाई साल का कार्यकाल है। वह फरवरी 2024 में रिटायर होंगे।












Click it and Unblock the Notifications