किसानों की अनदेखी पर BSP चीफ मायावती ने जताई चिंता, बोलीं- 'सरकार तुरन्त ध्यान दे'
किसानों की अनदेखी पर BSP चीफ मायावती ने जताई चिंता, बोलीं- 'सरकार तुरन्त ध्यान दे'
लखनऊ, 22 सितंबर: बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार का ध्यान कृषि, किसानों और लंपी वायरस की तरफ खींचा है। मायावती ने कहा, 'खेती व किसान हित के प्रति सरकारों द्वारा काफी कम ध्यान देना हमेशा से ही बड़ी चिन्ता का कारण रहा है।' तो वहीं, 'लम्पी' बीमारी के कारण असंख्य घरेलू जानवरों की मौत ने गरीब ग्रामीण भारत को नए संकट में डाल रखा है।
Recommended Video

बीएसपी चीफ मायावती ने गुरुवार 22 सितंबर को ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा, 'कृषि प्रधान होने के बावजूद खेती व किसान हित के प्रति सरकारों द्वारा काफी कम ध्यान देना हमेशा से ही बड़ी चिन्ता का कारण रहा है, किन्तु अब उनके उपज की वाजिब कीमत नहीं मिलना, गन्ना किसानों का भारी बकाया व पशुधन की हानि आदि ग्रामीण भारत को त्रस्त कर रहे हैं। सरकार तुरन्त ध्यान दे।'
वहीं, दूसरे ट्वीट में मायावती ने लिखा, 'गुजरात, राजस्थान, एमपी से लेकर यूपी तक में 'लम्पी' बीमारी के कारण असंख्य घरेलू जानवरों की मौत ने गरीब ग्रामीण भारत को नए संकट में डाल रखा है। पशुधन आत्मनिर्भर ग्रामीण जीवन की रीढ़ है, इसलिए यूपी व अन्य राज्य सरकारें प्रभावित लोगों की समुचित आर्थिक मदद जरूर करें।' इस दौरान उन्होंने गन्ना किसानों के बकाया भुगतान के मुद्दे को भी उठाया।
मायावती ने अपने तीसरे ट्वीट में लिखा, 'उत्तर प्रदेश सरकार ने भी विधान सभा में स्वीकार किया है कि प्रदेश के गन्ना किसानों का भारी बकाया है, जिसके सम्बंध में सरकार को अपनी जिम्मेदारी को पूरी तरह से निभाते हुए इन बकायों की यथाशीघ्र पूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए कड़ा कदम जरूर उठाना चाहिए।'
इससे पहले मायावती ने उत्तर प्रदेश में प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी पर भी निशना साधा था। मायावती ने कहा, 'भाजपा की घोर जातिवादी, साम्प्रदायिक व जनहित-विरोधी नीतियों आदि के विरुद्ध उत्तर प्रदेश की सेक्युलर शक्तियों ने समाजवादी पार्टी को वोट देकर यहां प्रमुख विपक्षी पार्टी तो बना दिया, किन्तु यह पार्टी भाजपा को कड़ी टक्कर देने में विफल साबित होती हुई साफ दिख रही है। ऐसा क्यों है, इस बारे में समाजवादी पार्टी विचार जरूर करे।'












Click it and Unblock the Notifications