मायावती ने कहा- योगी सरकार में हो रहा मुसलमानों का उत्पीड़न, सपा को बताया ब्राह्मण और दलित विरोधी
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने शुक्रवार को ट्वीट करके उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार व पूर्व की समाजवादी पार्टी की सरकार पर हमला बोला है। मायावती का आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में चुनिंदा जाति तथा वर्ग के लोगों का जमकर उत्पीड़न हो रहा है। इन सभी को झूठे आपराधिक मामलों में फंसाया जा रहा है। तो वहीं, समाजवादी पार्टी सरकार पर ब्राह्मणों व दलितों के उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

बसपा प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने शुक्रवार को एक के बाद एक तीन ट्वीट किए है। ट्वीट करते हुए मायावती ने कहा, 'सपा सरकार में जैसे ब्राह्मणों व दलितों का चुन-चुन कर उत्पीड़न किया गया था तो अब वैसे ही वर्तमान भाजपा सरकार में भी इनके साथ-साथ मुसलमानों का भी काफी उत्पीड़न किया जा रहा है। इनको जबरन गलत मामलों में फंसाया जा रहा है, जो अति दुःखद।'
उन्होंने दूसरे और तीसरे ट्वीट में कहा, 'साथ ही, जिस प्रकार से सपा सरकार में दलितों के मसीहा बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर व इनके महान् सन्तों व गुरुओं की मूर्ती तोड़ी गई तथा उनके नाम पर रखे गये जिलों व संस्थानों आदि के नाम भी काफी बदल दिए गए। ठीक उसी प्रकार से अब वर्तमान भाजपा सरकार भी चल रही है। अब तो उनके मसीहा बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर की भी मूर्ती तोड़ी जा रही है, जिसकी पहले वाराणसी की व अब जौनपुर की घटना अति-निन्दनीय। सरकार इस मामले में उचित कदम उठाये। बी.एस.पी की यह मांग।'












Click it and Unblock the Notifications