8 साल से ससुराल में रह रहे शख्स ने की साली की निर्मम हत्या, जानिए क्या है वजह
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चौक थाना क्षेत्र में अपनी ससुराल में रह रहे एक युवक ने घरेलू झगड़े के चलते साली और पत्नी पर ताबड़तोड़ लोहे की रॉड से वार कर दिया। सिर पर रॉड लगने से साली का सिर फट गया और वो खून से लथपथ घायल अवस्था में गिर गई। इस दौरान उसे बचाने दौड़ी पत्नी भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई। साली की मौत हो गई, जबकि पत्नी का ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

12 साल पहले हुआ था निकाह, 8 साल से ससुराल में रह रहा था पति
पुलिस के मुताबिक, मामला चौक थानाक्षेत्र का है। चौपटिया निवासी इरफान का निकाह 12 साल पहले यहियागंज निवासी रऊफ की बेटी अजरीन से हुआ था। पिछले आठ साल से इरफान यहियागंज स्थित अपनी ससुराल में रह रहा है। बुधवार रात इरफान ने पत्नी अजरीन (40) और साली शामीम (32) पर लोहे की रॉड से हमला कर लहूलुहान कर दिया। सिर पर गंभीर चोट आने से शामीम की मौत हो गई। वहीं, अजरीन के सिर में 25 टांके लगे।
विवाद और हत्या के पीछे ये हैं वजह
पुलिस के मुताबिक, निकाह के 12 साल गुजरने के बाद भी इनके बच्चे नहीं हुए थे। इसको लेकर ससुरालीजन तलाक का दबाव बना रहे थे। इधर, पिछले दिनों आरोपित के साले अयूब ने उसकी पैतृक जमीन 18 लाख में बिकवा दी और पैसा हड़प लिया। इसको लेकर पिछले एक हफ्ते से घर में विवाद चल रहा था। बुधवार रात पत्नी व साली के घर में अकेले होने के दौरान तलाक को लेकर दोनों में विवाद शुरू हो गया। जिसके बाद आरोपित इरफान ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस की मानें तो हत्या के पीछे आरोपित की पैतृक जमीन की बिक्री का पैसा साले द्वारा हड़पने और बच्चे न होने पर पत्नी के तलाक के दबाव बनाने की बात सामने आई है।












Click it and Unblock the Notifications