कानपुर की घटना से सबक लेते हुए अलर्ट हुई लखनऊ पुलिस, राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जारी किया हेल्पलाइन नंबर
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दो दिवसीय यात्रा पर 28 जून को लखनऊ पहुंच रहे हैं। राष्ट्रपति की सुरक्षा और प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने पूरा ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया है।
लखनऊ, 27 जून। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दो दिवसीय यात्रा पर 28 जून को लखनऊ पहुंच रहे हैं। राष्ट्रपति की सुरक्षा और प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने पूरा ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया है। वहीं इसके चलते कानपुर जैसी घटना न हो इसलिए राजधानी पुलिस सारे एहतियात बरत रही है। इसी कड़ी में किसी भी मेडिकल इमरजेंसी से बचने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिया है।

लखनऊ पुलिस ने कहा कि मरीजों को लेकर जा रहीं एंमुलेंस जाम में न फंसें इसलिए उनकी सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर और पुलिस कंट्रोल रूम नंबर जारी किया गया है। लखनऊ पुलिस ने 6389304141, 6389304242, 9454405155 नंबर जारी किए हैं। इसी प्रकार की असुविधा की स्थिति में इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
कानपुर की घटना के बाद सतर्क हुई पुलिस
बता दें कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की कानपुर यात्रा के दौरान घटी घटना के बाद लखनऊ पुलिस ने ये निर्णय लिया है। बता दें कि राष्ट्रपति कोविंद की कानपुर यात्रा के दौरान कोरोना के बाद कुछ शारीरिक परेशानी से जूझ रही एक महिला की जाम में फंसने के कारण मौत हो गई थी। उसे समय पर इलाज नहीं मिल सका। इस घटना से सबक लेते हुए लखनऊ पुलिस ने आम जन की सुविधा के लिए यह कदम उठाया है।
यह भी पढ़ें: COVID-19: दिल्ली में सामने आए कोरोना के 89 नए केस, पॉजिटिविटी रेट हुई 0.12%
मृतक, वंदना मिश्रा भारतीय उद्दोग संघ की कानपुर महिला विंग की अध्यक्ष थी और उन्हें इस साल अप्रैल में कोरोना हुआ था। कोरोना से ठीक होने के बाद भी वह कुछ शारीरिक परेशानियों से गुजर रही थीं। शुक्रवार को मतली और उल्टी की शिकायत के बाद उन्हें निजी अस्पताल ले जाना पड़ा, लेकिन राष्ट्रपति कोविंद की यात्रा के कारण सुरक्षा व्यवस्था के चलते उनकी कार नंद लाल चौराहे और कानपुर के गोविंदपुरी फ्लाईओवर के बीच जाम में फंस गई, जिसके कारण समय पर इलाज न मिल पाने के कारण उनकी मौत हो गई।
राष्ट्रपति ने की मृतक के परिजनों से बात
इस घटना का पता चलने के बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मृतक महिला के परिजनों से बात की और अपनी सांत्वना व्यक्त की।
इस घटना से सबक लेते हुए लखनऊ पुलिस ने ऐहतियात के तौर पर ये नंबर जारी किये हैं। लखनऊ पुलिस ने कहा कि राष्ट्रपति कोविंद की यात्रा के दौरान पुलिस और खुफिया एजेंसियां चप्पे चप्पे पर नजर रखेंगीं। उन्होंने कहा कि लखनऊ कमिश्नरी में पड़ने वाले 30 किलोमीटर लंबे रेलवे ट्रैक पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
सोमवार को राष्ट्रपति ट्रेन से चारबाग स्टेशन पहुंचेंगे और सीधे राजभवन जाएंगे। वह मंगलवार को लोकभवन में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। राष्ट्रपति कोविंद वायु सेना के विशेष विमान से मंगलवार शाम दिल्ली के लिए रवाना होंगे।












Click it and Unblock the Notifications