लखनऊ में खंडित की गई हनुमान जी की मूर्ति, एक गिरफ्तार, फोर्स तैनात
लखनऊ, 08 सितंबर: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई है। चौक थाना क्षेत्र के अंर्तगत लेटे हुए हनुमान मंदिर पर हनुमानजी की मूर्ति खंडित की गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तौफीक नाम के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। मंदिर परिसर में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।हनुमान मंदिर में तोड़फोड़ करने वाले तौफीक अहमद के खिलाफ लखनऊ के चौक कोतवाली में 153 ए 295,419,427 में मुकदमा दर्ज किया गया है।

बताया जा रहा है कि युवक अपनी पहचान छिपाकर मंदिर में आया था। उसने ईंट से मूर्ति को खंडित कर दिया और ध्वज को भी तोड़ दिया। लोगों के विरोध करने पर वह अभद्रता करने लगा। मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने उसको घेराबंदी कर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान मंदिर के अध्यक्ष डा. विवेक तांगड़ी भी मंदिर पहुंच गए। उन्होंने भीड़ से आरोपित युवक को छुड़ाकर चौक पुलिस को सौंप दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी मूल रूप से सीतापुर का रहने वाला है। वह लखनऊ में किराए के मकान में रहता है। पुलिस के अनुसार, जिस समय मूर्ति को तोड़ा उस वक्त आरोपी नशे की हालत में था। श्रद्धालुओं के शोर मचाने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे दबोच लिया। एसीपी चौक आईपी सिंह के मुताबिक, बुधवार देर शाम एक युवक नशे की हालत में मंदिर परिसर के अंदर घुस गया था। वहां पर काली मां की मूर्ति को क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की, जिससे मूर्ति खंडित हो गई। वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी तौफीक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।










Click it and Unblock the Notifications