Lucknow: छेड़छाड़ के विरोध पर युवक ने फोड़ा महिला सिपाही का सिर, गिरफ्तार
लखनऊ, 30 अगस्त: राजधानी लखनऊ के अलीगंज में रविवार को स्कूटी से पेट्रोलिंग कर रही महिला सिपाही से युवक ने सरेराह छेड़छाड़ कर दी। अभद्र टिप्पणी पर जब महिला सिपाही ने सवाल किए तो युवक घर से लोहे की रॉड लाया और हमला कर दिया। हमले में महिला सिपाही के चेहरे और सिर में चोट आई है। महिला खून से लथपथ हो गई थी। प्राची सिंह (एडीसीपी, उत्तर), लखनऊ ने बताया कि जब वहां पर कुछ लोग आए तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया। घटना के एक घंटे बाद ही पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया था। आगे की कार्रवाई जारी है।

अभद्र टिप्पणी के विरोध पर महिला सिपाही पर किया हमला
प्राची सिंह ने बताया कि रविवार की शाम अलीगंज थाना क्षेत्र के सेक्टर बी में महिला सिपाही गश्त पर निकली थी। इस दौरान एक युवक ने अभद्र टिप्पणी की। जब महिला ने युवक से टिप्पणी पर सवाल किए तो युवक अपने घर जाकर लोहे की रॉड लाया और महिला सिपाही को मारने लगा। वह अकेली थी अपने आप को बचा नहीं पाई। आरोपी की पहचान सेक्टर-बी इलाके में ही रहने वाले प्रभात सिंह के रूप में हुई है।
लोग बोले- हेल्मेट न होता तो मुश्किल था बचना
बता दें, युवक ने महिला सिपाही पर एक के बाद एक सिर पर रॉड से कई हमले किए। वार इतना जोरदार था कि सिपाही का हेलमेट तक टूट गया और सिर से खून बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि अगर हेल्मेट न होता तो महिला का बचना मुश्किल था। महिला सिपाही खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर गई, इसके बाद भी आरोपी हमला करता रहा। शोर सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। खुद को घिरता देख आरोपी धमकाते हुए घर के अंदर भाग गया। लोगों ने महिला सिपाही को कुर्सी पर बैठाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल सिपाही को अस्पताल पहुंचाया गया।












Click it and Unblock the Notifications