लखनऊ: मस्जिदों से दिए जा रहे मुफ्त ऑक्सीजन कॉन्सेन्ट्रेटर, 50 फीसदी मदद गैर मुस्लिमों को
लखनऊ, मई 18: कोविड संक्रमण के बीच राजधानी लखनऊ में सांप्रदायिक सदभाव की मिसाल देखने को मिल रही है। यहां लखनऊ में मस्जिदों से कोरोना के मरीजों को मुफ्त में ऑक्सीजन कंसेन्ट्रेटर दिया जा रहा है। मस्जिद कमेटियों ने ये नियम बनाया है कि 50 फीसदी से ज्यादा ऑक्सीजन कंसेन्ट्रेटर गैर मुस्लिम मरीजों को दिए जाएंगे। ताकि कोई ये न कह सके कि मस्जिद से सिर्फ मुसलमानों की मदद की जा रही है।

लखनऊ की लालबाग जामा मस्जिद में दुआ भी हो रही है और दवा भी कर रहे हैं। एनडीटीवी ऑनलाइन के मुताबिक, मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष जुनून नोमानी ने कहा, 'लोग यहां पर आते हैं और रोने लगते हैं। रात में 3-4 बजे भी हमारे पास लोगों के फोन आते हैं और मदद की गुहार लगाते हैं। हम ऐसे जरूरतमंदों की मदद में लगे हुए हैं।' रचित कुकरेजा नाम के एक व्यक्ति ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि मेरा एक दोस्त यहां से मस्जिद के सामने से निकल रहा था, उसने जब यहां पर बैनर देखा कि यहां पर कोरोना पीड़ितों की मदद की जा रही है तो उसने उन्हें ये जानकारी दी।
कुकरेजा ने इसके बाद यहां फोन किया और उन्हें बताया गया कि आप बेफिक्र होकर यहां आ जाइए। प्रमोद शर्मा नाम के एक और शख्स यहां से ऑक्सीजन कंसेन्ट्रेटर लेकर गए। उनके यहां सब खैरियत से हैं, लेकिन वो कंसेन्ट्रेटर ले जाकर पड़ोसियों की मदद कर रहे हैं। नोमानी का कहना है कि शहर में हिन्दुओं की संख्या भी मुस्लिमों से ज्यादा है, लिहाजा ये बीमारी भी उनमें ज्यादा है। गैर मुस्लिमों के लिए 50 फीसदी मदद आवंटित करने का यही मकसद है। नोमानी का कहना है कि ये कोई बड़ी बात नहीं है, हम सिर्फ इंसानों की मदद कर रहे हैं। हम हिन्दू-मुसलमान नहीं देख रहे हैं। हर जरूरतमंद आदमी का यहां इस्तकबाल है। इन मददगारों का कहना है कि दो साल से दोस्त या रिश्तेदार घर नहीं आते हैं, लिहाजा उनके हिस्से की सेवइयां इन गरीब रिक्शाचालकों को खिलाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications