8वीं पास युवक 6 साल से 'लड़की' बन कर रहा था ऐसा काम, पुलिस भी रह गई दंग
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में साइबर क्राइम टीम आठवीं पास एक ऐसे शातिर को पकड़ा है, जो पिछले छह सालों में सैकड़ों युवतियों को ब्लैकमेल कर चुका है। युवक लड़की बनकर सोशल मीडिया पर पहले लड़कियों से दोस्ती करता था, फिर उनकी प्राइवेट चैट और फोटो हैक करके उन्हें ब्लैकमेल करता था। शातिर के पास से पुलिस ने 10 हजार युवतियों का डाटा बरामद किया है। इन युवतियों से युवक हर महीने पांच से 20 हजार रुपए तक वसूलता था। डीसीपी क्राइम पीके तिवारी ने बताया कि मूल रूप से शाहजहांपुर के मस्जिदगंज चौक निवासी विनीत मिश्रा ने लड़की के नाम से सोशल मीडिया पर आईडी बना रखी थी। इन फेक आईडी से वह फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लड़कियों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजता। फ्रेंड बनने के बाद उनकी आईडी हैक कर फोटो और चैट का स्क्रीन शॉट ले लेता और उन्हें दिखाकर ब्लैकमेल करता।

अलग-अलग युवतियों के नाम से फेसबुक पर बना रखी हैं 10 आईडी
पीजीआई थाने में एक युवती ने केस दर्ज कराया था, जिसके बाद पुलिस और साइबर क्राइम टीम मामले की तफ्तीश में जुटी थी। पुलिस के मुताबिक, विनीत ने अलग-अलग युवतियों के नाम से फेसबुक पर 10 आईडी बना रखी हैं। वह लड़की बनकर लड़कियों को आसानी से अपनी बातों में फंसा लेता था। विनीत के निशाने पर स्कूली छात्राएं होती थीं। प्रभारी निरीक्षक पीजीआई आशीष द्विवेदी, साइबर क्राइम सेल के शरीफ खान और अजय प्रताप सिंह ने बताया कि फ्रेंड रिक्वेस्ट एक्सेप्ट होने के बाद विनीत युवतियों, महिलाओं को फेसबुक, व्हाट्सऐप और इंस्टाग्राम पर लिंक भेजता था। इसे खोलते ही विनीत युवतियों की आईडी हैक कर उनकी निजी चैटिंग व फोटो हासिल कर लेता था।
ऐसे वसूलता था रुपए
इंस्पेक्टर रमेश चंद्र पांडेय ने बताया कि विनीत युवतियों को 15-20 दिनों तक लगातार एक लिंक भेजता था। इस लिंक में युवतियों की अश्लील फोटो होती थी। विनीत चैटिंग कर बताता था कि यह फोटो पॉर्न साइट पर अपलोड कर दी गई है। उसका एक परिचित इसे हटवा सकता है। इसके लिए पेटीएम व खाते में रुपए मंगवाता था। जो युवतियां उसकी बातों में नहीं आती, उन्हें कुछ दिन बाद फोटो वायरल करने की धमकी देकर रुपए वसूलता था।
यूट्यूब से सीखा आईडी हैक करना
पूछताछ में विनीत ने बताया कि उसने यूट्यूब से आईडी हैक करना सीखा है। वह 2015 में ठगी कर रहा है। विनीत ने कहा कि शुरुआत में उसे डर लगता था, लेकिन जब किसी की शिकायत नहीं आई तो उसका डर खत्म हो गया। पुलिस विनीत के खाते की जांच भी करेगी। विनीत के लैपटॉप में कई फोल्डर मिले हैं, जो अलग-अलग युवतियों के नाम से हैं। पुलिस को इनमें युवतियों के फोटो, वीडियो व चैटिंग मिली है। साइबर क्राइम सेल के प्रभारी मथुरा राय ने बताया कि आरोपी एक युवती से हर महीने 5 से 20 हजार रुपए वसूलता था। उसके मोबाइल में 400 से अधिक युवतियों से रुपए वसूली के रिकॉर्ड भी मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications