लखनऊ: हत्या के मामले में बसपा नेता का बेटा गिरफ्तार, चाकुओं से गोदकर हुआ था बीटेक छात्र का मर्डर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बीटेक की छात्र की हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी का नाम अमन बहादुर है और वह बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) से पूर्व में विधायक रहे नेता का बेटा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित अलकनंदा अपार्टमेंट में गुरुवार को बीबीडी में पढ़ने वाले बीटेक के छात्र प्रशांत की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। जानकारी के मुताबिक, जूनियर छात्रों से उसका गुटबाजी को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार रात बाराबंकी के एक रेस्टोरेंट में प्रशांत के दोस्त की बर्थडे पार्टी में भी जूनियर छात्रों से उसकी कहासुनी और मारपीट हुई थी।
प्रशांत अपनी मुंहबोली बहन से मिलने अलकनंदा अपार्टमेंट पहुंचा था। इसी बीच करीब 12 से 14 हमलावरों ने उसपर हमला कर दिया। कार की ड्राइविंग सीट की तरफ के शीशे तोड़कर हमलावरों ने प्रशांत के सीने पर चाकू घोंप दिया था। वह जान बचाने के लिए अपार्टमेंट की तरफ भागा और सीढ़ियों पर औंधे मुंह गिर पड़ा। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक से पूछताछ चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications