IPL 2025: इकाना स्टेडियम में होंगे सात रोमांचक मुकाबले, जानिए तारीखें और टिकट की जानकारी
IPL 2025 Ekana Stadium: आईपीएल 2025 के लिए लखनऊ के इकाना स्टेडियम में तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को जिलाधिकारी विशाख जी ने बीसीसीआई, यूपीसीए और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा प्रबंधन पर चर्चा की और मैचों के दौरान किसी भी तरह की समस्या से बचने के लिए रणनीति बनाई गई।
इस बार इकाना स्टेडियम में कुल सात मैच खेले जाएंगे। ये मुकाबले 1, 4, 12, 14 और 22 अप्रैल के अलावा 9 और 18 मई को होंगे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मैच के दौरान खिलाड़ियों, दर्शकों और स्टाफ को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने का आदेश दिया गया है।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया है कि पूरे स्टेडियम और आसपास के इलाकों की संरचनात्मक सुरक्षा का ऑडिट कर सर्टिफिकेट जमा किया जाए। इसके अलावा, बिजली विभाग को भी विद्युत सुरक्षा ऑडिट करवाने और प्रमाण पत्र देने का आदेश दिया गया है।
मैच के दिन स्पेशल बस सेवा
दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशन से इकाना स्टेडियम तक मेट्रो फीडर बसें चलाई जाएंगी। ये बसें मैच के दिनों में नियमित अंतराल पर उपलब्ध रहेंगी, ताकि दर्शकों को स्टेडियम पहुंचने में कोई दिक्कत न हो। साथ ही, बसों के लिए विशेष पार्किंग क्षेत्र भी चिन्हित किए जाएंगे।
यहां भी मिलेंगे टिकट
ऑनलाइन टिकट बुकिंग की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए प्रशासन ने बुक माई शो के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया है कि शहर में कई स्थानों पर फिजिकल टिकट काउंटर बनाए जाएं। इनमें प्रमुख मेट्रो स्टेशन और एयरपोर्ट शामिल होंगे, ताकि टिकट लेने के दौरान भीड़ न बढ़े और लोग आसानी से अपनी टिकट प्राप्त कर सकें।
नगर निगम को निर्देश दिया गया है कि स्टेडियम और उसके आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके अलावा, जल संस्थान को पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था करने का आदेश दिया गया है।
दर्शकों और खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम के प्रवेश द्वारों पर एंबुलेंस तैनात की जाएगी। इसके अलावा, दो मेडिकल कैंप भी लगाए जाएंगे, जहां डॉक्टरों की टीमें हर समय मौजूद रहेंगी।
कंट्रोल रूम से रखी जाएगी व्यवस्थाओं पर नजर
सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। इस कंट्रोल रूम के जरिए सभी विभागों के बीच तालमेल बनाया जाएगा, ताकि किसी भी स्थिति में तत्काल निर्णय लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इकाना स्टेडियम में होने वाले आईपीएल मैचों को लेकर लखनऊ में क्रिकेट प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। टिकटों की बुकिंग जल्द ही शुरू होने वाली है, और प्रशासन भी सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने में जुटा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications