हाथरस गैंगरेप केस: अखिलेश और मायावती ने योगी सरकार पर बोला हमला, कही यह बात
लखनऊ। 19 साल की दलित लड़की के साथ हुई दरिंदगी को लेकर देशभर में आक्रोश देखने के लिए मिला है। सोशल मीडिया पर से लेकर सड़क तक हर जगह लोग इस घटना को लेकर विरोध कर रहे हैं। तो वहीं, पीड़िता की मौत के बाद परिवार की मर्जी के बगैर दाह संस्कार किए जाने की घटना ने विपक्ष को पुलिस और सरकार पर हमला करने का बड़ा मौका दे दिया है। साथ ही इस घटना को लेकर यूपी में सियासत गर्म हो गई है।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी इस मामले को लेकर सरकार पर हमला बोला है। अखिलेश ने कहा कि हाथरस की बेटी का जबरन दाह संस्कार सबूत मिटाने की कोशिश है। ऐसा करके भाजपा सरकार ने पाप भी किया है और अपराध भी। अपने अधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर सपा अध्यक्ष ने लिखा- 'हाथरस की बेटी बलात्कार-हत्याकांड' में शासन के दबाव में, परिवार की अनुमति बिना, रात्रि में पुलिस द्वारा अंतिम संस्कार करवाना, संस्कारों के विरुद्ध है। ये सबूतों को मिटाने का घोर निंदनीय कृत्य है। भाजपा सरकार ने ऐसा करके पाप भी किया है और अपराध भी। इस ट्वीट के साथ अखिलेश ने #नहीं_चाहिए_भाजपा और #Hathras भी लिखा है।
मायावती बोलीं- परिवार को न्याय और दोषियों को सजा मिले
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री मायवाती ने योगी सरकार पर हमला बोलते हुए ट्वीट किया है। मायावती ने लिखा, 'यूपी पुलिस द्वारा हाथरस की गैंगरेप दलित पीड़िता के शव को उसके परिवार को न सौंपकर उनकी मर्जी के बिना व उनकी गैर-मौजूदगी में ही कल आधी रात को अन्तिम संस्कार कर देना लोगों में काफी संदेह व आक्रोश पैदा करता है। बीएसपी पुलिस के ऐसे गलत रवैये की कड़े शब्दों में निन्दा करती है। अगर माननीय सुप्रीम कोर्ट इस संगीन प्रकरण का स्वयं ही संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करे तो यह बेहतर होगा, वरना इस जघन्य मामले में यूपी सरकार व पुलिस के रवैये से ऐसा कतई नहीं लगता है कि गैंगरेप पीड़िता की मौत के बाद भी उसके परिवार को न्याय व दोषियों को कड़ी सजा मिल पाएगी।
Recommended Video
कानून व्यवस्था हो चुकी है चौपट
मुरादाबाद से समाजवादी पार्टी के सांसद डॉ. एसटी हसन ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। वो पूरी तरीके से चौपट हो गई है। जब प्रदेश में अधिकारी खुद रंगदारी मांगने लगे है तो आपको अंदाजा लगा सकते हैं कि प्रदेश में कानून व्यवस्था कैसी होगी। हाथरस में हुई घटना को लेकर कहा जो वहां दरिंदगी हुई है, वह बहुत अफसोस नाक है पूरी समाजवादी पार्टी और हम सभी लोग दलित भाइयो और उस बेटी के साथ हैं, और हमारा प्रयास यही है कि हम उस बेटी को जल्द से जल्द इंसाफ दिला पाए।












Click it and Unblock the Notifications