कोरोना वैक्सीनेशन पर अखिलेश यादव का यू-टर्न, कहा- 'भारत सरकार' का टीका हम भी लगवाएंगे
लखनऊ, जून 08: कोरोना वैक्सीन पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने यू-टर्न ले लिया है। वैक्सीन पर यू-टर्न लेते हुए अखिलेश यादव ने कोरोना टीका लगवाने का ऐलान किया है। दरअसल, यह बयान समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के कोरोना वैक्सीन लगवाने के बाद सामने आया है।
Recommended Video

भाजपा के टीके के खिलाफ, 'भारत सरकार' के नहीं: अखिलेश यादव
यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मंगलवार 08 जून को ट्वीट करते हुए लिखा, 'जनाक्रोश को देखते हुए आख़िरकार सरकार ने कोरोना के टीके के राजनीतिकरण की जगह ये घोषणा करी कि वो टीके लगवाएगी। हम भाजपा के टीके के ख़िलाफ़ थे पर 'भारत सरकार' के टीके का स्वागत करते हुए हम भी टीका लगवाएंगे व टीके की कमी से जो लोग लगवा नहीं सके थे उनसे भी लगवाने की अपील करते हैं।'
मुलायम सिंह यादव के वैक्सीन लगवाने पर, बीजेपी ने कसा था तंज
बता दें कि, अखिलेश के पिता मुलायम सिंह यादव ने सोमवार 07 जून को वैक्सीन लगवाई थी। 81 साल के मुलायम सिंह यादव ने गुरुग्राम स्थित मेदांता हॉस्पिटल में वैक्सीन की पहली डोज ली। मुलायम सिंह यादव की वैक्सीन लेते हुए एक तस्वीर भी सामने आई थी। तस्वीरे सामने आने के बाद सियासत ने जोर पकड़ लिया। तो वहीं, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने तो ट्वीट कर लिखा था कि सपा संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव स्वदेशी वैक्सीन लगवाने के लिए आपका धन्यवाद। आपके द्वारा वैक्सीन लगवाना इस बात का प्रमाण है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश द्वारा वैक्सीन को लेकर अफवाह फैलाई गयी थी। इसके लिए अखिलेश को माफ़ी मांगनी चाहिए।
अखिलेश ने किया था वैक्सीन का विरोध
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वैक्सीन का विरोध किया था। अखिलेश ने कहा था कि बीजेपी की वैक्सीन वो नहीं लगवाएंगे। इसी साल जनवरी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा था कि मैं बीजेपी की वैक्सीन पर कैसे भरोसा कर सकता हूं, जब हमारी सरकार बनेगी तो सभी को फ्री में टीका लगेगा। हम बीजेपी की वैक्सीन नहीं लगवा सकते। अखिलेश के इस बयान के बाद काफी हंगामा हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications